PSL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने स्टीव स्मिथ, सियालकोट स्टैलियंस ने 14 करोड़ में खरीदा

Pakistan Super League: स्टीव स्मिथ पाकिस्तान सुपर लीग 2026 की नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी बने। सियालकोट स्टैलियंस ने उन्हें 14 करोड़ रुपये में खरीदा, पीएसएल में नीलामी का नया रिकॉर्ड बनाया।
Steve smith
Updated on

Australian batter Steve Smith Set A New Record In PSL: पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) 2026 की नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने रिकॉर्ड बनाया। चोटिल मिचेल मार्श की जगह ऑस्ट्रेलिया की विश्व टी20 टीम में शामिल किए गए स्मिथ को नई फ्रेंचाइजी सियालकोट स्टैलियंस ने लगभग 500,000 अमेरिकी डॉलर (14 करोड़ पाकिस्तानी रुपये) में खरीदकर पीएसएल का सबसे महंगा खिलाड़ी बना दिया।

इस साल पीएसएल में टीमों की संख्या छह से बढ़कर आठ कर दी गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पहली बार नीलामी प्रणाली लागू की, जिसने पिछले एक दशक से चले आ रहे ड्राफ्ट प्रारूप की जगह ली। नीलामी बुधवार को लाहौर में आयोजित की गई, जिसमें विदेशी और पाकिस्तानी स्टार खिलाड़ियों के लिए बड़े ऑफर्स देखने को मिले।

नीलामी में शामिल प्रमुख खिलाड़ियों में डेविड वार्नर, एडम जम्पा, डैरिल मिचेल, मार्क चैपमैन, मुस्तफिजुर रहमान, डेवोन कॉनवे, रिले रॉसौ, तबरेज़ शम्शी, दासुन शनाका, कुसल मेंडिस और मार्नस लाबुशेन जैसे नाम शामिल थे। कुल आठ फ्रेंचाइजी ने 103 खिलाड़ियों के साथ अनुबंध किए।

सबसे महंगे तेज गेंदबाज बने नसीम शाह

तेज़ गेंदबाज नसीम शाह सबसे महंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी बने, जिन्हें इस्लामाबाद यूनाइटेड ने 8.65 करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं ऑलराउंडर फहीम अशरफ को इसी फ्रेंचाइजी ने 8.5 करोड़ रुपये में खरीदा। बाबर आजम को पेशावर जाल्मी ने 7 करोड़ रुपये में रिटेन किया, जबकि सैम अयूब के रिटेन करने पर 12.2 करोड़ रुपये खर्च किए गए।

PSL की शुरुआत 26 मार्च से

पीएसएल 2026 का आयोजन 26 मार्च से 3 मई तक होगा। इस दौरान भारत में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) भी खेला जाएगा, जो टी20 क्रिकेट का सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट माना जाता है। इस बार पीएसएल की नीलामी और टीमों में विदेशी खिलाड़ियों की भागीदारी ने टूर्नामेंट को और भी रोमांचक बना दिया है।

नीलामी से हटे अफगानिस्तान के खिलाड़ी

पेशावर जाल्मी द्वारा अफगानिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज से सीधे करार किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया। इस फैसले को लेकर आलोचना शुरू हुई, जिसके बाद गुरबाज ने खुद को पीएसएल से अलग करने का निर्णय लिया। इसके तुरंत बाद अन्य अफगान खिलाड़ियों ने भी नीलामी प्रक्रिया से दूरी बना ली। पाकिस्तान सुपर लीग का ऑक्शन अफगानिस्तान के खिलाड़ी के बिना हुआ।

Navbharat Live
navbharatlive.com