अफगानिस्तान का अधूरा सपना...साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद बीच मैदान पर भावुक हो गए रहमानुल्लाह गुरबाज

SA vs AFG: अहमदाबाद में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच जबरदस्त टक्कर हुई। डबल सुपर ओवर के बाद अफगानिस्तान हार गया और गुरबाज भावुक नजर आए।
अफगानिस्तान का अधूरा सपना...साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद बीच मैदान पर भावुक हो गए रहमानुल्लाह गुरबाज
रहमानुल्लाह गुरबाज (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rahmanullah Gurbaz: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 13वां मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया। यह मैच बेहद रोमांचक रहा और नतीजे तक पहुंचने के लिए कुल 44 ओवर का खेल देखना पड़ा। आखिरकार लंबे संघर्ष के बाद अफगानिस्तान को हार का सामना करना पड़ा।

गुरबाज की शानदार पारी, लेकिन जीत से रह गए दूर

188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 42 गेंदों में 84 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनकी इस आक्रामक पारी की बदौलत अफगानिस्तान मैच को बराबरी तक ले जाने में सफल रहा। मुकाबला टाई होने के बाद सुपर ओवर खेला गया और गुरबाज ने वहां भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए तीन छक्के लगाए।

आखिरी गेंद पर छूटा मौका

दूसरे सुपर ओवर में अफगानिस्तान को जीत के लिए आखिरी गेंद पर छक्के की जरूरत थी, लेकिन गुरबाज उस गेंद पर आउट हो गए। इसी के साथ अफगानिस्तान मैच हार गया। शानदार पारी खेलने के बावजूद टीम को जीत न दिला पाने का दर्द गुरबाज के चेहरे पर साफ नजर आया और मैच खत्म होने के बाद वह काफी भावुक हो गए। डगआउट में वह अपने आंसू नहीं रोक सके।

दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी भी रही मजबूत

इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। क्विंटन डी कॉक ने 59 रन की अहम पारी खेली, जबकि रयान रिकेल्टन ने 61 रन बनाए। इसके अलावा डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने भी छोटी लेकिन उपयोगी पारियां खेलीं, जिसकी बदौलत टीम निर्धारित 20 ओवर में 187 रन तक पहुंचने में सफल रही।

सुपर ओवर में हुआ रोमांचक फैसला

अफगानिस्तान ने जवाब में 20 ओवर में 187 रन बनाकर मैच टाई कर दिया। पहले सुपर ओवर में दोनों टीमों ने 17-17 रन बनाए, जिससे मुकाबला और रोमांचक हो गया। इसके बाद दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 23 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 19 रन ही बना सकी और मुकाबला 4 रन से हार गई। इस रोमांचक मुकाबले ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा और टी20 क्रिकेट के रोमांच की एक और यादगार मिसाल पेश की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com