हैदराबाद में अभिषेक शर्मा का धमाकेदार शतक, दिल्ली के खिलाफ अकेले दम पर पलट दिया मैच, 47 रन से मुकाबला जीता SRH

Sunrisers beat Delhi: आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से हराया। इस मैच में अभिषेक शर्मा ने 68 गेंद पर 135 रन की मैच जीताऊ शतकीय पारी खेली।
SRH beat DC IPL 2026 Match 31
सनराइजर्स हैदराबाद (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

SRH vs DC IPL 2026 Match 31st Highlight: आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में इस सीजन का 31वां मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने अक्षर पटेल की अगुवाई वाली दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से हराया। इससे पहले DC के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। अभिषेक शर्मा की दमदार शतकीय पारी की बदौलत सनराइजर्स ने दिल्ली के सामने 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इसके जवाब में DC 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 195 रन बना सकी। इस हिसाब से सनराइजर्स हैदराबाद ने इस अहम मुकाबले में दिल्ली को पटकनी दी। हैदराबाद की इस खास जीत के हीरो सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा रहे।

DC पर अभिषेक शर्मा का शतक पड़ा भारी

इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी से मैदान पर तहलका मचा दिया। उन्होंने महज 68 गेंदों में नाबाद 135 रन ठोक दिए और टीम की पारी को नई ऊंचाई तक पहुंचाया। अपनी इस शानदार पारी में अभिषेक ने 10 चौके और 10 छक्के जड़े। शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में नजर आए अभिषेक ने दिल्ली के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और बड़े-बड़े शॉट्स लगाकर स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाया। उनका यह शतक इस सीजन के सबसे यादगार पारियों में से एक बन गया।

अभिषेक शर्मा के अलावा ट्रैविस हेड और हेनरिक क्लासेन ने भी अहम योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने 37-37 रन की उपयोगी पारियां खेलीं और अभिषेक का अच्छा साथ निभाया। कप्तान ईशान किशन ने भी 25 रन जोड़कर टीम के स्कोर को मजबूती दी। इन सभी बल्लेबाजों के संयुक्त प्रदर्शन की बदौलत हैदराबाद की टीम 240 के पार पहुंचने में सफल रही। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से गेंदबाजी में सिर्फ कप्तान अक्षर पटेल को एक विकेट मिला, जबकि बाकी गेंदबाज बेअसर नजर आए।

दिल्ली की पारी में कुछ बल्लेबाजों ने किया संघर्ष

243 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही, लेकिन नीतीश राणा ने 30 गेंदों में 57 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की। केएल राहुल ने 23 गेंदों में 37 और समीर रिजवी ने 28 गेंदों में 41 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स ने 16 गेंदों में 27 रन जोड़े, जबकि आशुतोष शर्मा ने 14 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।

SRH की गेंदबाजी

दिल्ली के टॉप ऑर्डर के फ्लॉप होने से टीम दबाव में आ गई। पथुम निसांका 8 और कप्तान अक्षर पटेल 2 रन ही बना सके। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए ईशान मलिंगा ने 4 विकेट झटके, जबकि हर्ष दुबे ने 3 विकेट लिए। दिलशान मदुशंका और साकिब हुसैन को 1-1 सफलता मिली।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com