SRH vs DC 31st Match IPL 2026 1st Inning Highlight: आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने हैं। यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने विस्फोटक अंदाज में खेलते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम ने 20 ओवर में सिर्फ 2 विकेट गंवाकर 242 रन बना दिए, जिससे दिल्ली के सामने एक मुश्किल लक्ष्य खड़ा हो गया।
इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी से मैदान पर तहलका मचा दिया। उन्होंने महज 68 गेंदों में नाबाद 135 रन ठोक दिए और टीम की पारी को नई ऊंचाई तक पहुंचाया। अपनी इस शानदार पारी में अभिषेक ने 10 चौके और 10 छक्के जड़े। शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में नजर आए अभिषेक ने दिल्ली के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और बड़े-बड़े शॉट्स लगाकर स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाया। उनका यह शतक इस सीजन के सबसे यादगार पारियों में से एक बन गया।
अभिषेक शर्मा के अलावा ट्रैविस हेड और हेनरिक क्लासेन ने भी अहम योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने 37-37 रन की उपयोगी पारियां खेलीं और अभिषेक का अच्छा साथ निभाया। कप्तान ईशान किशन ने भी 25 रन जोड़कर टीम के स्कोर को मजबूती दी। इन सभी बल्लेबाजों के संयुक्त प्रदर्शन की बदौलत हैदराबाद की टीम 240 के पार पहुंचने में सफल रही। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से गेंदबाजी में सिर्फ कप्तान अक्षर पटेल को एक विकेट मिला, जबकि बाकी गेंदबाज बेअसर नजर आए।
सनराइजर्स हैदराबाद का इस सीजन प्रदर्शन मिला-जुला रहा है और टीम फिलहाल 6 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है। दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स ने सीजन की शानदार शुरुआत की थी, लेकिन बाद में उन्हें लगातार हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ जीत दर्ज कर टीम ने वापसी के संकेत दिए हैं।
ये भी पढ़ें: Abhishek Sharma ने DC के खिलाफ ठोका तूफानी शतक, विराट कोहली की बराबरी तो रोहित शर्मा का तोड़ा रिकॉर्ड
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन में पथुम निसांका, केएल राहुल, समीर रिजवी, नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, डेविड मिलर, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, टी नटराजन और लुंगी एंगिडी शामिल हैं। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, हर्ष दुबे, साकिब हुसैन और ईशान मलिंगा को मौका मिला है।