साउथ अफ्रीका के खिलाफ जसप्रीत बुमराह का जलवा, तोड़ा श्रीलंका के दिग्गज गेंदबाज का रिकॉर्ड

IND vs SA: सुपर-8 मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो विकेट झटके। उन्होंने क्विंटन डिकॉक को बोल्ड कर लसिथ मलिंगा का बड़ा रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ जसप्रीत बुमराह का जलवा, तोड़ा श्रीलंका के दिग्गज गेंदबाज का रिकॉर्ड
क्विंटन डिकॉक को आउट करने के बाद जसप्रीत बुमराह (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Jasprit Bumrah breaks Lasith Malinga Record: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ यादगार प्रदर्शन किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 15 रन देकर तीन विकेट झटके। बुमराह ने अपने दूसरे ओवर में क्विंटन डिकॉक को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद उन्होंने चौथे ओवर में रयान रिकेल्टन को पवेलियन भेजा और पारी के 19वें ओवर में कॉर्बिन बॉश का विकेट लेकर अपना स्पेल शानदार अंदाज में खत्म किया। बोल्ड विकेट किसी भी गेंदबाज के लिए खास होते हैं और बुमराह ने एक बार फिर अपनी सटीकता साबित की।

मलिंगा को पीछे छोड़ बनाया बड़ा रिकॉर्ड

इस मैच के साथ जसप्रीत बुमराह ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में फुल मेंबर देशों के बीच सबसे ज्यादा बोल्ड विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के पूर्व दिग्गज लसिथ मलिंगा का रिकॉर्ड तोड़ा। बुमराह ने 91 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 113 विकेट लिए हैं, जिनमें 44 बल्लेबाजों को बोल्ड किया है। मलिंगा ने 84 मैचों में 107 विकेट लिए थे और 43 बल्लेबाजों को बोल्ड किया था। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा बोल्ड विकेट लेने का रिकॉर्ड मुथैया मुरलीधरन के नाम है, जिन्होंने 290 बार बल्लेबाजों की गिल्लियां बिखेरीं।

साउथ अफ्रीका ने बनाए 187 रन

मैच की बात करें तो साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की, लेकिन शुरुआत खराब रही। टीम ने 20 रन तक तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभाला। मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल थे। ब्रेविस ने 29 गेंदों में 45 रन बनाए और मिलर के साथ चौथे विकेट के लिए 93 रन जोड़े। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने दो विकेट लिए, जबकि वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली।

स्टब्स की तेज फिनिशिंग

अंतिम ओवरों में ट्रिस्टन स्टब्स ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने 24 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए, जिसमें एक चौका और तीन छक्के शामिल रहे। साउथ अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन बनाए और भारत के सामने 188 रनों का लक्ष्य रखा।

Navbharat Live
navbharatlive.com