श्रीलंका क्रिकेट XI ने टीम इंडिया की गेंदबाजी की खोली पोल, पहले 20 ओवर में नहीं टूटी एक भी साझेदारी

SL Cricket XI vs IND: श्रीलंका इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच में भारतीय गेंदबाजों की शुरुआत खराब रही। पहले 20 ओवर में श्रीलंकाई सलामी जोड़ी ने बिना विकेट खोए 100 से अधिक रन बना लिए।
Sri Lanka Cricket XI exposes Team India's bowling
मोहम्मद सिराज (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

SL Cricket XI vs IND Practice Match Day 1: श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को प्रैक्टिस मैच में अच्छी शुरुआत नहीं मिली। कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर खेले जा रहे तीन दिवसीय अभ्यास मैच के पहले दिन श्रीलंका इलेवन के सलामी बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर परीक्षा ली। श्रीलंका टीम के ओपनर रविंदु रसंथा के शानदार अर्धशतक की बदौलत केवल 1 विकेट खोकर 150 से अधिक रनों का मजबूत स्कोर खड़ा कर लिया है।

श्रीलंका बल्लेबाजों की तेज शुरुआत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका इलेवन ने तेज शुरुआत की। ओपनर निशान फर्नांडो ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 65 गेंदों में 66 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। दूसरे छोर पर रविंदु रसंथा ने भी उनका अच्छा साथ दिया।

दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 20.4 ओवर में 110 रन की शानदार साझेदारी की। इस दौरान भारतीय गेंदबाज एक भी विकेट लेने में सफल नहीं हुए। आखिरकार यह साझेदारी किसी गेंदबाज ने नहीं, बल्कि रन आउट के जरिए टूटी।

कैसे मिली पहली विकेट?

21वें ओवर में एक रन लेने की कोशिश के दौरान दोनों बल्लेबाजों के बीच तालमेल बिगड़ गया। निशान फर्नांडो रन लेने के लिए आगे बढ़े, लेकिन रविंदु रसंथा ने मना कर दिया। दोनों एक ही छोर पर पहुंच गए। पहले यशस्वी जायसवाल का थ्रो गलत एंड पर गया, लेकिन मानव सुथार ने तेजी दिखाते हुए गेंद ऋषभ पंत की तरफ फेंकी। इसके बाद गेंद स्लिप में खड़े केएल राहुल के पास पहुंची और निशान फर्नांडो रन आउट हो गए। इसी तरह भारत को पहली सफलता मिली।

भारतीय गेंदबाज पूरे शुरुआती सेशन में विकेट के लिए संघर्ष करते नजर आए। कप्तानी संभाल रहे केएल राहुल ने तेज और स्पिन दोनों गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, लेकिन किसी को भी शुरुआती सफलता नहीं मिली।

Sri Lanka Cricket XI exposes Team India's bowling
हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान की 20 सदस्यीय टीम का ऐलान, 19 अगस्त को भारत से होगी टक्कर

किसने खाए ज्यादा रन?

मोहम्मद सिराज ने अपने पहले 5 ओवर में 14 रन दिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 5 ओवर में 27 रन खर्च किए। रवींद्र जडेजा भी अपने शुरुआती स्पेल में विकेट नहीं ले सके। गुरनूर बराड़ भी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में सफल नहीं रहे।

टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय गेंदबाजों का यह प्रदर्शन टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि भारतीय गेंदबाज मैच के बाकी समय में वापसी कर पाते हैं या नहीं।

Navbharat Live
navbharatlive.com