

Shubman Gill record in Ahmedabad: आईपीएल 2026 का खिताबी मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया है और अब उनकी नजरें ट्रॉफी पर टिकी हैं। आरसीबी ने क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि गुजरात ने दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया।
गुजरात टाइटंस की सफलता में कप्तान शुभमन गिल का योगदान सबसे अहम रहा है। उन्होंने पूरे सीजन लगातार रन बनाए हैं और कई मौकों पर टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला है। आईपीएल 2026 में अब तक 15 मैचों में गिल 722 रन बना चुके हैं। उनकी शानदार फॉर्म को देखते हुए फाइनल में भी गुजरात के प्रशंसकों की निगाहें उन्हीं पर रहने वाली हैं। ऐसे में यदि आरसीबी को लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की उम्मीद कायम रखनी है, तो उसे गिल को जल्द से जल्द पवेलियन भेजने का तरीका तलाशना होगा।
हालांकि शुभमन गिल इस समय बेहतरीन लय में हैं, लेकिन आरसीबी के पास एक ऐसा गेंदबाज मौजूद है जिसने आईपीएल में उन्हें कई बार परेशान किया है। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का रिकॉर्ड गिल के खिलाफ काफी प्रभावशाली रहा है। आईपीएल में दोनों खिलाड़ियों के आमने-सामने के आंकड़ों पर नजर डालें तो गिल ने भुवनेश्वर की 79 गेंदों का सामना करते हुए 80 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 101.27 रहा है। सबसे अहम बात यह है कि भुवनेश्वर कुमार उन्हें छह बार आउट करने में सफल रहे हैं।
भले ही भुवनेश्वर के खिलाफ गिल का रिकॉर्ड बहुत प्रभावशाली नहीं रहा हो, लेकिन अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम उनके लिए बेहद खास मैदान साबित हुआ है। गुजरात टाइटंस के घरेलू मैदान पर गिल का बल्ला जमकर बोलता है। साल 2021 से 2026 के बीच इस मैदान पर खेले गए 31 आईपीएल मुकाबलों में उन्होंने 31 पारियों में 1374 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 49.07 और स्ट्राइक रेट 162.98 का रहा है। खास बात यह है कि यहां उनके बल्ले से तीन शतक और सात अर्धशतक भी निकल चुके हैं।
आईपीएल 2026 के फाइनल में जहां गुजरात टाइटंस शुभमन गिल की बल्लेबाजी पर भरोसा करेगी, वहीं आरसीबी की उम्मीदें भुवनेश्वर कुमार की नई गेंद से होने वाली गेंदबाजी पर टिकी रहेंगी। अगर भुवनेश्वर शुरुआती ओवरों में गिल का विकेट निकालने में सफल रहते हैं तो आरसीबी मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना सकती है। वहीं गिल यदि एक बार क्रीज पर जम गए, तो गुजरात के लिए दूसरा खिताब जीतने की राह काफी आसान हो सकती है।