शुभमन गिल ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, भारत के लिए ऐसा कारनामा करने वाले चौथे कप्तान बने

Shubman Gill: वेस्टइंडीज के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेलते हुए शुभमन गिल ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वो विजय हजारे, सुनील गावस्कर और सौरव गांगुली के खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
शुभमन गिल ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, भारत के लिए ऐसा कारनामा करने वाले चौथे कप्तान बने
शुभमन गिल (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Shubman Gill Becomes 4th Indian Test Captain: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मुकाबले में भारत के कप्तान शुभमन गिल ने अर्धशतकीय पारी खेलते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। कप्तान के रूप में गिल अपने पहले घरेलू और विदेशी टेस्ट मैच में 50 रनों का आंकड़ा पार करने वाले चौथे भारतीय बन गए।

50 रनों की पारी के साथ गिल ने विजय हजारे, सुनील गावस्कर और सौरव गांगुली जैसे दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। इन कप्तानों ने भी पहले घरेलू और विदेशी टेस्ट मैच में 50 रनों का आंकड़ा पार करके यह उपलब्धि हासिल की थी। गिल ने 20 जून 2025 को लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट कप्तानी में पदार्पण किया और पहली पारी में 147 रन बनाए। कप्तान के रूप में अपने पहले घरेलू टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 50 रन बनाए।

विजय हजारे ने 1951 में किया था ये कारनामा

विजय हज़ारे इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले भारतीय कप्तान बने। उन्होंने दिसंबर 1951 में दिल्ली में इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले घरेलू टेस्ट में नाबाद 164 रन बनाए थे। इसके बाद जून 1952 में लीड्स में इंग्लैंड के ही खिलाफ अपने पहले विदेशी टेस्ट में उन्होंने 89 रन की पारी खेली।

सुनील गावस्कर ने भी कप्तान के रूप में शानदार शुरुआत की। उन्होंने जनवरी 1976 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में अपने पहले विदेशी टेस्ट में 116 रन बनाए और फिर दिसंबर 1978 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुंबई (वांखेडे) में अपने पहले घरेलू टेस्ट में 205 रन ठोके। सौरव गांगुली ने 10 नवंबर 2000 को ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ कप्तान के रूप में पदार्पण किया और 84 रन बनाए, जबकि अपने पहले घरेलू टेस्ट में, जो नवंबर 2000 में दिल्ली में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला गया था, उन्होंने नाबाद 65 रन बनाए।

भारतीय टीम कप्तान के रूप में अपने पहले घरेलू और विदेशी टेस्ट में 50+ रन

खिलाड़ी का नाम स्कोर विपक्षी टीम स्थान वर्ष
विजय हजारे 164*, DNB इंग्लैंड दिल्ली 1951
विजय हजारे 89, 56 इंग्लैंड लीड्स 1952
सुनील गावस्कर 116, 35* न्यूज़ीलैंड ऑकलैंड 1976
सुनील गावस्कर 205, 73 वेस्टइंडीज मुंबई (वांखेडे) 1978
सौरव गांगुली 84, DNB बांग्लादेश ढाका 2000
सौरव गांगुली 27, 65* ज़िम्बाब्वे दिल्ली 2000
शुभमन गिल 147, 8 इंग्लैंड लीड्स 2025
शुभमन गिल 50 वेस्टइंडीज अहमदाबाद 2025

अहमदाबाद टेस्ट की पहली पारी में टीम इंडिया के लिए क्रीज़ पर रहते हुए गिल ने पांच चौके लगाए। उन्होंने केएल राहुल (192 गेंदों में 100 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 98 रन जोड़े। गिल को रोस्टन चेज ने पवेलियन भेजा। स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में गिल 57वें ओवर की आखिरी गेंद पर जस्टिन ग्रीव्स के हाथों में कैच दे बैठे।

Navbharat Live
navbharatlive.com