IRE vs ENG: इंग्लैंड की टी20 टीम में सैम करन की वापसी, बेन डकेट को दिया गया आराम

द हंड्रेड में शानदार प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडर सैम करन की इंग्लैंड टी20 टीम में वापसी हो गई है। उन्हें दक्षिण अफ्रीका और आयरलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है।
इंग्लैंड की टी20 टीम में सैम करन की वापसी, बेन डकेट को दिया गया आराम
सैम करन (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

IRELAND vs ENGLAND: इंग्लैंड टीम के हरफनमौला खिलाड़ी कुछ वक्त से अपनी नेशनल टीम से बाहर थे। इसके बाद उन्होंने द हंड्रेड लीग में बेहतरीन प्रदर्शन किया। अब उनके इसी प्रदर्शन का नतीजा है कि वो इंग्लैंड की टी20 टीम में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। उन्हें साउथ अफ्रीका और आयरलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के इंग्लिश टीम के स्क्वॉड में शामिल किया गया है। गौरतलब है कि 2025 में अबतक इंग्लैंड के लिए किसी भी फॉर्मेट में नहीं खेल पाए हैं। उन्होंने ब्लास्ट और द हंड्रेड में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। इस दौरान करन ने 24 मुकाबलों में 603 रन बनाने के साथ 33 विकेट अपने नाम किए थे।

सैम की वापसी से मजबूत होगी गेंदबाजी

सैम करन की वापसी से इंग्लैंड की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों मजबूत हुई है। इंग्लैंड ने सलामी बल्लेबाज बेन डकेट को आराम दे दिया है। डकेट लंबे समय से निराशाजनक फॉर्म से गुजर रहे हैं। हाल के दिनों में तीनों ही फॉर्मेट खेल रहे डकेट ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी वनडे सीरीज के पहले मैच में 5 और दूसरे मैच में 33 गेंद पर 14 रन बनाए थे। डकेट की खराब फॉर्म का आलम यह है कि 'द हंड्रेड' की 10 पारियों में महज एक बार 20 से उपर का स्कोर कर सके। इंग्लैंड ने मैथ्यू पॉट्स को भी आयरलैंड टी20 सीरीज से भी बाहर कर दिया है।

सैम करन के टी20 आंकड़ें

27 साल के सैम करन ने 58 टी20 मैचों की 34 पारियों में 356 रन बनाए हैं और 54 विकेट लिए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 टी20 मैचों की होम सीरीज इंग्लैंड 10, 12 और 14 सितंबर को खेलेगी। इंग्लैंड तीन टी20 मैचों के लिए आयरलैंड का दौरा करेगी। मैच 17, 19 और 21 सितंबर को खेले जाएंगे।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम

हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, ब्रायडन कार्स, सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल साल्ट, जेमी स्मिथ, ल्यूक वुड।

आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम

जैकब बेथेल (कप्तान), रेहान अहमद, सन्नी बेकर, टॉम बैंटन, जोस बटलर, जॉर्डन कॉक्स, सैम करन, लियाम डॉसन, टॉम हार्टले, विल जैक्स, साकिब महमूद, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल साल्ट, ल्यूक वुड।

एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com