रोहित ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पार किया 2000 रन का आंकड़ा, सचिन-द्रविड़ के खास क्लब में हुए शामिल
Rohit Sharma: रोहित शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 2000 रन पूरे किए और वे 6 अलग-अलग टीमों के खिलाफ 2000+ रन बनाने वाले भारत के सिर्फ चौथे बल्लेबाज बन गए।
- Written By: संजय बिष्ट
रोहित शर्मा (फोटो- सोशल मीडिया)
IND vs SA: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। रविवार को खेले गए मुकाबले में उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 2000 रन पूरे करते हुए एक खास रिकॉर्ड सूची में जगह बना ली।
इस उपलब्धि के बाद रोहित उन भारतीय बल्लेबाजों की श्रेणी में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने दुनिया की छह अलग-अलग टीमों के खिलाफ 2000 या उससे अधिक रन बनाए हैं। यह कारनामा करने वाले वह सिर्फ चौथे भारतीय बल्लेबाज हैं और इसी के साथ उन्होंने विराट कोहली की बराबरी भी कर ली है।
छह टीमों के खिलाफ 2000+ रन वाले भारतीयों की सूची में रोहित
रोहित शर्मा से पहले भारत की ओर से केवल तीन बल्लेबाज यह उपलब्धि हासिल कर पाए थे। सबसे ऊपर नाम आता है सचिन तेंदुलकर का, जिन्होंने आठ अलग-अलग टीमों के खिलाफ 2000 से ज्यादा रन बनाए थे। उनके बाद राहुल द्रविड़ का नाम आता है, जिन्होंने सात टीमों के खिलाफ यह रिकॉर्ड दर्ज किया। वहीं विराट कोहली ने छह टीमों पर अपना दबदबा बनाया था। अब रोहित शर्मा भी इसी क्लब में शामिल हो गए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
Mumbai Indians: रोहित शर्मा कब करेंगे वापसी? हार्दिक पांड्या ने चोट पर तोड़ी चुप्पी, फैंस के लिए आई बड़ी खबर
MI vs PBKS: पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर MI को दिया बल्लेबाजी का न्योता, रोहित शर्मा प्लेइंग XI से हुए बाहर
Vinod Kambli की तबीयत नाजुक, ब्रेन क्लॉट से बढ़ा स्ट्रोक का खतरा; पूर्व क्रिकेटर्स मदद में जुटे
IND-W vs SA-W: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया का मिशन T20, जानें कब, कहां और कैसे देख पाएंगे लाइव मुकाबला
रांची में फॉर्म में दिखे रोहित
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 43 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और यह उनके वनडे करियर का 60वां अर्धशतक रहा। खास बात यह है कि रोहित ने लगातार तीसरी ODI पारी में अर्धशतक लगाया है। इससे पहले वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी लगातार अच्छे स्कोर बनाकर आए थे। रांची में रोहित ने 51 गेंदों पर 57 रन की पारी खेली और उन्हें मार्को यान्सेन ने एलबीडब्ल्यू आउट किया।
कई बड़े रिकॉर्ड के करीब पहुंचते रोहित
रोहित शर्मा न सिर्फ रन बना रहे हैं, बल्कि कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड भी अपने नाम कर रहे हैं। इस मैच में उन्होंने शाहिद अफरीदी का सबसे ज्यादा ODI छक्कों का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया और अब वह वनडे के नए “सिक्सर किंग” बन गए हैं। इसके अलावा रोहित तेजी से 20,000 अंतरराष्ट्रीय रन के आंकड़े की तरफ बढ़ रहे हैं। तीनों प्रारूपों में उनके नाम कुल 645 छक्के हैं, जो विश्व रिकॉर्ड है। उन्होंने टेस्ट में 88, वनडे में 352 और टी20 में 205 छक्के लगाए हैं।
ये भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने तोड़ा शाहिद अफरीदी का वर्ल्ड रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने
वनडे फॉर्मेट में रोहित की नई शुरुआत
टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद रोहित शर्मा अब पूरी तरह वनडे फॉर्मेट पर ध्यान दे रहे हैं। उनकी हालिया फॉर्म और लगातार बेहतर प्रदर्शन यह साबित कर रहे हैं कि वह टीम इंडिया के लिए अभी भी बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। अनुभव, स्थिरता और मैच बदलने की क्षमता के दम पर वह आने वाले समय में और भी कई अहम उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
