IND vs PAK: Asia Cup 2025: सेवानिवृत्त अधिकारी ने किया टूर्नामेंट का बहिष्कार, फैंस से भी की ये अपील

Asia Cup Controversy: भारतीय सेना से अवकाश प्राप्त एक वरिष्ठ अधिकारी ने देशवासियों से भारतीय क्रिकेट टीम का मैच न देखने की अपील की है। अधिकारी कश्मीर में सेवा दे चुके हैं।
मैं एशिया कप का बहिष्कार कर रहा हूं, सेवानिवृत्त अधिकारी ने देशवासियों से भारतीय टीम का मैच न देखने की अपील की
सूर्यकुमार यादव और सलमान अली आगा (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

India vs Pakistan: बीते बुधवार 10 सितंबर को भारत ने यूएई के खिलाफ एशिया कप 2025 में अपना पहला मुकाबला खेला। इस दौरान टीम इंडिया ने यूएई को एकतरफा अंदाज में शिकस्त दी। इसके बाद टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 14 सितंबर के दिन बड़ा मैच खेलना है। इससे पहले भारतीय सेना के एक वरिष्ट अधिकारी ने देशवासियों से टीम इंडिया के मुकाबले न देखने की अपील की है। यदि अधिकारी की बात करें तो वो कश्मीर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद बड़ा है विवाद

कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोग मारे गए थे। इसमें पाकिस्तान का हाथ था। इसके बावजूद भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान के साथ एशिया कप के दौरान खेलेगी। इसी वजह से अधिकारी ने भारतीय क्रिकेट टीम के मैचों के बहिष्कार की अपील की है।

मैं एशिया कप का बहिष्कार करता हूं- जरनल केजेएस ढिल्लों

श्रीनगर स्थित सेना के चिनार कोर के जीओसी के रूप में कार्य कर चुके लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों (सेवानिवृत्त) ने एक्स पर लिखा, "यदि आप बीसीसीआई टीम के मैच देख रहे हैं, कृपया पहलगाम में निर्मम हत्या किए गए उन निर्दोष भारतीयों और उन सैनिकों के बारे में सोचें, जिन्होंने पाकिस्तानी आतंकवादियों से लड़ते हुए अपनी जान कुर्बान कर दी ताकि आप शांति से रह सकें और अपने घरों में ये मैच देख सकें। कृपया एक विचार। मैं एशिया कप का बहिष्कार कर रहा हूं। क्या आप भी ऐसा कर रहे हैं? जय हिंद।"

22 अप्रैल को, पाकिस्तान समर्थित आंतकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने पहलगाम के बैसरन मैदान में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या कर दी। मारे गए नागरिकों में 25 पर्यटक और एक स्थानीय शामिल है। पहलगाम आतंकी हमले से पूरा देश आक्रोशित था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए सशस्त्र बलों को खुली छूट दे दी।

भारतीय सशस्त्र बलों ने लाहौर के पास मुरीदके और बहावलपुर और पीओके स्थित आतंकी ढांचों पर हमले किए। 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत किए गए इन हमलों में 12 आतंकी ठिकाने नष्ट किए गए थे। भारत और पाकिस्तान के बीच 2012-13 में आखिरी बार द्विपक्षीय सीरीज हुई थी। दोनों टीमें अब आईसीसी और एसीसी टूर्नामेंट में ही एक दूसरे के सामने होती हैं। एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान का मैच 14 सितंबर को होने वाला है।

एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com