

Rishabh Pant Injured: आईपीएल 2026 का 23वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच 15 अप्रैल को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के दौरान लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत चोटिल हो गए, जिसके चलते उन्हें बीच मैच मैदान छोड़ना पड़ा।
लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी के दौरान कप्तान ऋषभ पंत को चोट लग गई, जिसके बाद वह बल्लेबाजी जारी नहीं रख सके और रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। पंत की चोट ने टीम और फैंस दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
दरअसल, लखनऊ की पारी का पांचवां ओवर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड डाल रहे थे। इस ओवर में पंत स्ट्राइक पर थे। शुरुआती दो गेंदों पर वह रन नहीं बना सके। इसके बाद अगली गेंद सीधे उनकी कोहनी पर जा लगी। गेंद लगते ही पंत दर्द से कराह उठे और तुरंत फिजियो को मैदान पर बुलाया गया।
कोहनी पर चोट लगने के बाद ऋषभ पंत काफी असहज नजर आए। उन्होंने कुछ देर तक खेलने की कोशिश की, लेकिन दर्द ज्यादा होने के कारण वह केवल तीन गेंद खेलने के बाद ही मैदान से बाहर चले गए। जब पंत पवेलियन लौट रहे थे, तब वह काफी दर्द में दिखाई दे रहे थे। इस दौरान हेजलवुड ने खेल भावना दिखाते हुए उनकी पीठ थपथपाकर उनका हौसला भी बढ़ाया।
इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया और जैकब डफी की जगह जोश हेजलवुड को शामिल किया।
इस मैच में विराट कोहली प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर टीम में रखा गया है। पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलते हुए उनके टखने में चोट लगी थी, जिसके चलते टीम मैनेजमेंट ने उन्हें सावधानी के तौर पर बाहर रखा है।
लखनऊ सुपर जायंट्स: एडेन मार्करम, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, दिग्वेश सिंह राठी और प्रिंस यादव।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फिलिप साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रसिख सलाम डार।