

RCB vs SRH IPL 2026 1st Match Highlight: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच सीजन का पहला मुकाबला खेला गया। इस मैच में आरसीबी ने हैदराबाद को 6 विकेट रहते धूल चटाई है। इससे पहले कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। SRH ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए। इसके जवाब ने आरसीबी के बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्कोर को 15.4 ओवर में 6 विकेट रहते हासिल कर लिया।
इसके साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने हैदराबाद को एकतरफा अंदाज में शिकस्त देकर आईपीएल 2026 के सीजन का पहला मुकाबला अपने नाम कर लिया। आरसीबी की इस जीत का श्रेय बल्लेबाजों को जाता है। खासकर स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और देवदत्त पाडिक्कल। इन दोनों की दमदार बल्लेबाजी की बदौलत ही आरसीबी इस मुकाबले को अपने नाम कर पाई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की शुरुआत खराब रही और फिल साल्ट सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 101 रन जोड़ते हुए मैच को एकतरफा बना दिया। पडिक्कल ने 26 गेंदों में 61 रन की तेज पारी खेली। उनके आउट होने के बाद भी कोहली ने रन गति बनाए रखी और हैदराबाद के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। कोहली ने 38 गेंदों में नाबाद 69 रन बनाए, जबकि टिम डेविड 10 गेंदों में 16 रन बनाकर नॉट आउट रहे।
सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 201 रन बनाए, हालांकि शुरुआत खराब रही और 29 रन तक तीन विकेट गिर गए। इसके बाद कप्तान ईशान किशन ने 80 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को संभाला, जबकि अनिकेत वर्मा ने 43 और हेनरिक क्लासेन ने 31 रन का योगदान दिया। वहीं आरसीबी की ओर से गेंदबाजी में जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड ने 3-3 विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा को 1-1 सफलता मिली।
इस हिसाब से आरसीबी के लिए इस सीजन की शुरुआत बेहतरीन रही है। वहीं, हैदराबाद की टीम 200+ स्कोर बनाने के बाद स्कोर को डिफेंड नहीं कर सकी है। अब आने वाले मुकाबले में हैदराबाद अपनी गेंदबाजी पर जरूर फोकस करना चाहेगी।