WPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रचा इतिहास, इस टूर्नामेंट में ऐसा कारनामा करने वाली पहली टीम बनी

Royal Challengers Bengaluru: RCB ने गुजरात जायंट्स को 61 रनों से हराकर WPL नॉकआउट में जगह बनाई। गौतमी नाइक की हाफ सेंचुरी के दम पर टीम ने लगातार पांचवीं जीत दर्ज की।
RCB Script History
आरसीबी (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

RCB Script History: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सोमवार को वडोदरा के कोटांबी स्थित BCA स्टेडियम में खेले गए महिला प्रीमियर लीग (WPL) मुकाबले में गुजरात जायंट्स को 61 रनों से करारी शिकस्त देकर नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। इस शानदार जीत में गौतमी नाइक की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी निर्णायक साबित हुई। यह RCB की मौजूदा सीजन में लगातार पांचवीं जीत रही। वहीं, अगर पिछले सीजन को भी मिलाए, तो यह आरसीबी की लगातार छठी जीत है।

पिछले सीजन में प्लेऑफ में जगह बनाने से चूकने वाली स्मृति मंधाना की टीम ने इस बार मुंबई इंडियंस को 11 रनों से हराकर अभियान की दमदार शुरुआत की थी। इसके साथ ही RCB महिला प्रीमियर लीग के चार साल के इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली टीम बन गई है।

इससे पहले, मुंबई ने दो बार (पहली बार 2023 में और फिर 2023 और 2024 सीजन के बीच) और RCB ने एक बार (2024 सीजन के आखिर से 2025 की शुरुआत तक) इस टूर्नामेंट में लगातार पांच जीत हासिल की थीं। इसके बाद दूसरे नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स है, जिसने 2024 सीजन में लगातार चार जीत हासिल की थीं।

इस रिकॉर्ड पर है RCB की नजरें

अब तक केवल मुंबई इंडियंस ही ऐसा करने में सफल रही है जिसने WPL सीजन की शुरुआत लगातार पांच जीत के साथ की थी। मुंबई इंडियंस ने यह कारनामा 2023 में किया था। वहीं अब आरसीबी की नजरें मुंबई इंडियंस के इस रिकॉर्ड को तोड़ने पर है। अगर आरसीबी की टीम 24 जनवरी को दिल्ली कैपिटल्स को हराने में सफल रहती है तो वह WPL के इतिहास में लगातार छह जीत के साथ सीजन शुरू करने वाली पहली टीम बन जाएगी, साथ ही उसका कुल जीत का आंकड़ा सात तक पहुंच जाएगा।

गुजरात जायंट्स को हराकर इस सीजन में दर्ज की पांचवी जीत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए RCB ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 178 रन बनाए, हालांकि टीम ने 9 रन तक दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद स्मृति मंधाना और गौतमी नाइक ने 60 रन की साझेदारी कर पारी संभाली। मंधाना 26 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि गौतमी नाइक ने 55 गेंदों में 73 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में गुजरात जायंट्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 117 रन ही बना सकी। एश्ले गार्डनर ने 54 रन बनाए, लेकिन सायली सतघरे की 3 विकेट की घातक गेंदबाज़ी ने जायंट्स की उम्मीदें खत्म कर दीं। गुजरात जायंट्स को हराकर आरसीबी ने लगातार इस सीजन में पांचवीं जीत दर्ज की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com