

Ravindra Jadeja Statement after RR beat CSK by 8 Wickets: आईपीएल 2026 में रविंद्र जडेजा नई जर्सी में नजर आ रहे हैं। सालों तक चेन्नई सुपर किंग्स की पीली जर्सी पहनने के बाद अब वह राजस्थान रॉयल्स की गुलाबी जर्सी में खेलते दिख रहे हैं। सीएसके के खिलाफ मुकाबले में जडेजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपनी नई टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया और मैच के बाद अपनी वापसी और गेंदबाजी पर खुलकर बात की।
राजस्थान रॉयल्स में वापसी को लेकर जडेजा काफी खुश नजर आए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, 'मुझे लगता है कि मुझ पर गुलाबी रंग अच्छा लगता है।' उनका यह बयान सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है। जडेजा ने अपने प्रदर्शन से यह भी साबित कर दिया कि वह नई टीम में भी उसी अंदाज में योगदान देने के लिए तैयार हैं।
इस मुकाबले में जडेजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सीएसके के मिडिल ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने एक ही ओवर में सरफराज खान और शिवम दुबे जैसे खतरनाक बल्लेबाजों को आउट कर मैच का रुख बदल दिया। जडेजा ने अपने स्पेल में 3 ओवर गेंदबाजी करते हुए 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
अपनी गेंदबाजी को लेकर जडेजा ने कहा, "मैं शिवम दुबे को काफी समय से जानता हूं। उसके खिलाफ नेट्स में काफी गेंदबाजी की है इसलिए पता है कि वह स्पिनरों का सामना कैसे करते हैं। मैं इसके लिए तैयार था और मैंने ऑफ-स्टंप के बाहर गेंदबाजी करने की कोशिश की। मुझे पता था कि वह मेरे खिलाफ बड़े शॉट खेलने की कोशिश करेंगे। मुझे लगा कि विकेट थोड़ा चिपचिपा है और गेंद टर्न हो रही है इसलिए मुझे गेंदबाजी करने में बहुत मजा आया। मेरा काम बस सही जगहों पर गेंद डालना था और बाकी काम पिच पर छोड़ देना था।"
रविंद्र जडेजा की यह राजस्थान रॉयल्स के साथ दूसरी पारी है। उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत इसी टीम के साथ की थी और 2008 में शेन वॉर्न की कप्तानी में खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा भी रहे थे। इसके बाद वह 2012 में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े और लंबे समय तक टीम के अहम खिलाड़ी बने रहे।
आईपीएल 2026 में रवींद्र जडेजा ट्रेड के जरिए एक बार फिर राजस्थान रॉयल्स में शामिल हुए हैं। सीएसके के लिए कई सालों तक मैच जिताने वाले इस ऑलराउंडर से अब राजस्थान को भी बड़ी उम्मीदें हैं। पहले ही मैच में जडेजा ने गेंदबाजी से टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाकर यह दिखा दिया है कि वह इस सीजन में भी बड़ा असर छोड़ने के लिए तैयार हैं।