वनडे वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान की बड़ी प्लानिंग, ट्राई सीरीज के जरिए खंगालेगा अपनी ताकत

PCB: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए अपने घर में ट्राई नेशन सीरीज कराने की योजना बना रहा है, ताकि टीम को बेहतर तैयारी का मौका मिल सके।
वनडे वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान की बड़ी प्लानिंग, ट्राई सीरीज के जरिए खंगालेगा अपनी ताकत
पाकिस्तान क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pakistan Cricket Team: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है। टीम को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक बड़ा प्लान तैयार किया है। इसके तहत पाकिस्तान अपने घर में इंग्लैंड और श्रीलंका के साथ हाई-प्रोफाइल ट्राई वनडे सीरीज आयोजित करने की योजना बना रहा है। इस सीरीज को वर्ल्ड कप से पहले अहम तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

ट्राई सीरीज से मिलेगी मजबूती

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह ट्राई सीरीज इस साल के अंत में अक्टूबर-नवंबर या दिसंबर-जनवरी विंडो में आयोजित की जा सकती है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है, जबकि श्रीलंका पहले ही इसमें हिस्सा लेने के लिए तैयार है। इस सीरीज का फॉर्मेट छोटा लेकिन प्रभावी होगा, जहां तीनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच खेलेंगी और टॉप-2 टीमें फाइनल में भिड़ेंगी। श्रीलंका की पाकिस्तान टेस्ट सीरीज के बाद इसका आयोजन संभव है।

खराब रिकॉर्ड के बाद नई रणनीति

पाकिस्तान का हालिया वनडे रिकॉर्ड चिंता का विषय रहा है। टीम 2011 के बाद से किसी भी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी है और 2019 व 2023 में भी निराशाजनक प्रदर्शन के कारण जल्दी बाहर हो गई थी। इसी को देखते हुए बोर्ड अब नई रणनीति पर काम कर रहा है। खबरों के अनुसार, जून में पीसीबी मैनेजमेंट व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन और वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी के साथ बैठक कर भविष्य की योजना तैयार करेगा।

युवा खिलाड़ियों पर फोकस

पाकिस्तान टीम फिलहाल बदलाव के दौर से गुजर रही है। हाल ही में बांग्लादेश दौरे पर छह नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया, जिससे यह साफ है कि टीम भविष्य को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है। कप्तान शाहीन अफरीदी भी युवा प्रतिभाओं को मौका देने के पक्ष में हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया टीम का आगामी पाकिस्तान दौरा भी टीम के लिए अहम साबित होगा, जहां तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्राई सीरीज के मुकाबले लाहौर और कराची में आयोजित किए जा सकते हैं, हालांकि आधिकारिक शेड्यूल का ऐलान अभी बाकी है। 2027 का वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। ऐसे में पाकिस्तान अभी से संतुलित टीम बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इससे पहले भी बोर्ड टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए ट्राई सीरीज आयोजित कर चुका है, जिससे टीम को फायदा मिला था। अब देखना होगा कि यह नई रणनीति पाकिस्तान को बड़े टूर्नामेंट में कितनी सफलता दिला पाती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com