IPL 2026 में भी Mohammed Shami का कहर जारी, 2023 से पावरप्ले में चटकाए हैं 25 विकेट

Mohammed Shami: मोहम्‍मद शमी का कहर जारी है। आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए शमी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पावरप्ले में 2 विकेट चटकाए।
Mohammed Shami Bowling Performance
मोहम्मद शमी (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mohammed Shami Bowling Performance: मोहम्मद शमी का शानदार प्रदर्शन इस सीजन भी जारी है। आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मोहम्मद शमी खेल रहे हैं। रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मोहम्मद शमी ने पावरप्ले में 2 विकेट चटकाए।इसी के साथ शमी साल 2023 से अब तक आईपीएल मैच में पावरप्ले के दौरान सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में मोहम्मद शमी ने पहले ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक शर्मा (0) को कैच आउट कराया। शमी ने अपने अगले ओवर की शुरुआत ट्रेविस हेड (7) के विकेट के साथ की।

Mohammed Shami ने 2023 से अब तक चटकाए हैं 25 विकेट

इसी के साथ शमी ने साल 2023 से अब तक पावरप्ले में कुल 25 विकेट हासिल कर लिए। इस दौरान सर्वाधिक विकेट लेने वालों की फेहरिस्त में ट्रेंट बोल्ट शीर्ष पर हैं, जिनके नाम 32 विकेट हैं। शमी के अलावा, भुवनेश्वर कुमार भी इस दौरान 25 विकेट निकाल चुके हैं। मोहम्मद सिराज और दीपक चाहर ने 24-24 विकेट प्राप्त किए हैं। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी एसआरएच की शुरुआत बेहद खराब रही। यह टीम शुरुआती 6 ओवरों के खेल तक 3 विकेट गंवाकर सिर्फ 22 ही रन बना सकी। इस बीच मोहम्मद शमी के अलावा, एक विकेट प्रिंस यादव ने अपने नाम किया।

LSG को पहले मुकाबले में मिली हार

एलएसजी को इस सीजन अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। यह टीम अंकतालिका में 8वें स्थान पर है। वहीं, 2 में से 1 मैच जीतकर एसआरएच प्वाइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर मौजूद है। इस टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपना पहला मैच 6 विकेट से गंवाया, जिसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के विरुद्ध 65 रन से जीत दर्ज की।

दोनों टीम का प्लेइंग-11

इस मुकाबले में ईशान किशन की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट के साथ उतरी है।

वहीं, ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स मिशेल मार्श, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी और प्रिंस यादव के साथ मैच में खेल रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com