PAK को हराने के बाद बंग्लादेशी कप्तान का बयान, कहा- हमें भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट खेलना है

Bangladesh Test Team: पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज में हराने के बाद नजमुल हुसैन शांतो ने कहा कि बांग्लादेश अब भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ ज्यादा टेस्ट खेलना चाहता है।
Najmul Hossain Shanto's Statement
बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Najmul Hossain Shanto Statement: बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर इतिहास रच दिया। घरेलू मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ यह बांग्लादेश की पहली टेस्ट सीरीज जीत है। सीरीज जीतने के बाद कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने इच्छा जताई कि उनकी टीम अब भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ घर और बाहर ज्यादा टेस्ट सीरीज खेलना चाहती है।

हम भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से ज्यादा टेस्ट खेलना चाहते हैं- नजमुल हुसैन शांतो

मैच के बाद मीडिया से बात करते हुए शांतो ने कहा, "हम अब ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, और भारत के साथ घर और बाहर ज्यादा टेस्ट खेलना चाहते हैं। जब हमें मैच खेलने का मौका मिलता है, जब हमें वे नए अनुभव मिलते हैं, तो टीम धीरे-धीरे बनती है। नहीं तो, बार-बार एक ही टीम के साथ खेलने, एक ही हालात में खेलने से टीम बनाने में मुश्किल होती है।"

उम्मीद है कि ICC हमें मौका देगी- नजमुल हुसैन शांतो

बांग्लादेश के कप्तान ने कहा, "उम्मीद है कि आईसीसी हमें सभी टीमों के साथ और टेस्ट मैच खेलने का मौका देगी। अब जब हमें और मैच खेलने का मौका मिल रहा है, तो यह एक अच्छी बात है। अगर हम ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, और इंडिया के साथ खेल पाते हैं, तो यह हमारी टीम के लिए बेहतर होगा। एक टेस्ट देश के तौर पर हमें अभी भी बहुत कुछ करना है।"

मैच के आखिरी घंटे पर बात करते हुए शांतो ने कहा, "मुझे लगता है कि आखिरी घंटे में इमोशन को समझाना मुश्किल है। सच कहूं तो वे अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और हम पर थोड़ा दबाव था। लेकिन पिछले टेस्ट मैचों के मुकाबले, उस भावना को नियंत्रित करना और नहीं घबराना थोड़ा बेहतर हो गया है। इस एरिया में थोड़ा और सुधार की जरूरत है।"

उन्होंने कहा कि एक कप्तान के तौर पर मैं खुश हूं। हम दोनों मैच मिलाकर 10 दिन टेस्ट खेल पाए, यह निश्चित रूप से गर्व की बात है। आम तौर पर हम पहले इस तरह का क्रिकेट ज्यादा नहीं खेलते थे। हम पूरी टीम के तौर पर खेले। हर खिलाड़ी ने कड़ी मेहनत की। बल्लेबाज, गेंदबाज और कोचिंग स्टाफ का सबका योगदान रहा।

नजमुल ने दूसरे टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच रहे विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास की तारीफ की। उन्होंने कहा, "लिटन ने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी की। उससे यह समझा जा सकता है कि यह असल में एक बड़ी टीम होने वाली है और ड्रेसिंग रूम में सभी को यह विश्वास था कि तैजुल सपोर्ट देंगे और लिटन रन बनाते रहेंगे। लिटन की बल्लेबाजी को इस मैच में जीत का बड़ा श्रेय जाता है।" पहला टेस्ट 104 रन से जीतने के बाद बांग्लादेश ने दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान को 78 रन से हराया और सीरीज 2-0 से जीती।

IANS इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com