BCCI का मेगा प्लान तैयार, दलीप ट्रॉफी से होगी घरेलू सीजन की शुरुआत, खेले जाएंगे 1700 से ज्यादा मुकाबले

BCCI Domestic Season: बीसीसीआई ने 2026-27 घरेलू सीजन का शेड्यूल जारी कर दिया है। नए सीजन में कुल 1788 मैच खेले जाएंगे और शुरुआत दलीप ट्रॉफी से होगी।
Duleep Trophy
दलीप ट्रॉफी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

BCCI Domestic Season Schedule: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय घरेलू क्रिकेट सीजन 2026-27 के शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस बार घरेलू कैलेंडर काफी व्यस्त रहने वाला है, क्योंकि पूरे सीजन में अलग-अलग आयु वर्ग और फॉर्मेट को मिलाकर कुल 1788 मुकाबले खेेले जाएंगे। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में कई बड़े टूर्नामेंट आयोजित होंगे, जिनमें सीनियर और जूनियर स्तर की टीमें हिस्सा लेंगी।

23 अगस्त से शुरू होगा नया घरेलू सीजन

घरेलू क्रिकेट सीजन की शुरुआत 23 अगस्त 2026 से दलीप ट्रॉफी के साथ होगी। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में छह जोनल टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 10 सितंबर से खेला जाएगा। इसके बाद 1 अक्टूबर से ईरानी कप का आयोजन होगा, जबकि इसका फाइनल 5 अक्टूबर को खेला जाना तय किया गया है। बीसीसीआई ने इस बार खिलाड़ियों के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए कुछ बड़े टूर्नामेंट दो चरणों में कराने का फैसला किया है। इससे खिलाड़ियों को बीच में आराम और तैयारी का पर्याप्त समय मिल सकेगा।

दो चरणों में खेली जाएगी रणजी ट्रॉफी

भारतीय घरेलू क्रिकेट की सबसे बड़ी रेड-बॉल प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी इस बार भी दो हिस्सों में आयोजित होगी। रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप में 32 टीमों को चार ग्रुप में बांटा जाएगा, जबकि प्लेट ग्रुप में छह टीमें शामिल रहेंगी। टूर्नामेंट का पहला चरण 11 अक्टूबर से 5 नवंबर तक खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा चरण 17 जनवरी से शुरू होगा। वहीं नॉकआउट मुकाबले 9 फरवरी से 3 मार्च के बीच खेले जाएंगे। इसी तरह कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी भी दो चरणों में आयोजित होगी।

नवंबर में शुरू होगी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी

घरेलू टी20 सीजन की शुरुआत 14 नवंबर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के साथ होगी। इस टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबले 30 नवंबर से 6 दिसंबर तक खेले जाएंगे। इसके बाद 14 दिसंबर से विजय हजारे ट्रॉफी शुरू होगी, जबकि इसके नॉकआउट मैच 2 जनवरी से 8 जनवरी तक आयोजित किए जाएंगे।

महिला और जूनियर क्रिकेट पर भी खास फोकस

इस घरेलू सीजन में पुरुष वर्ग में सीनियर, अंडर-23, अंडर-19 और अंडर-16 स्तर के टूर्नामेंट खेले जाएंगे। वहीं महिला क्रिकेट में अंडर-23, अंडर-19 और अंडर-15 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

बीसीसीआई ने इस बार युवा खिलाड़ियों को ज्यादा मौके देने के लिए कुछ बदलाव भी किए हैं। अंडर-23 खिलाड़ियों के लिए कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी चैंपियन और रेस्ट ऑफ इंडिया के बीच मुकाबला फिर शुरू किया जा रहा है। इसके अलावा बोर्ड ने पुरुष अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी और विजी ट्रॉफी को वनडे से बदलकर टी20 फॉर्मेट में कराने का फैसला लिया है, जिससे युवा खिलाड़ी आधुनिक क्रिकेट की मांग के अनुसार खुद को बेहतर तरीके से तैयार कर सकें।

Navbharat Live
navbharatlive.com