मुस्तफिजुर रहमान ने रचा इतिहास, T20I में ऐसा करने वाले बांग्लादेश के पहले खिलाड़ी बने

Mustafizur Rahman Create History: मुस्तफिजुर रहमान ने सूर्यकुमार यादव को आउट करते हुए इतिहास रच दिया। वो बांग्लादेश के लिए 150 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं।
mustafizur rahman
Updated on

Mustafizur Rahman Create History: बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वो बांग्लादेश के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। भारत के खिलाफ एक विकेट लेते ही मुस्तफिजुर ने यह कारनामा किया।

मुस्तफिजुर रहमान ने टी20 इंटरनेशनल में अपना 150वां विकेट भी पूरा किया। मुस्तफिजुर ने शाकिब अल हसन का रिकॉर्ड तोड़ इतिहास रच दिया। दुबई में भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहे एशिया कप 2025 के सुपर 4 मैच में रहमान को शाकिब अल हसन के 149 विकेटों के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए एक विकेट की ज़रूरत थी और उन्होंने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को आउट करके यह मुकाम हासिल कर लिया।

एशिया कप के सुपर-4 में भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले में मुस्तफिजुर ने 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव को जाकिर अली के हाथों कैच करवाकर अपना 150वां विकेट पूरा किया। इस मुकाबले में मुस्तफिजुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 33 रन देकर एक विकेट चटकाए।

बांग्लादेश के लिए सर्वाधिक T20I विकेट

  • 150 मुस्तफिजुर रहमान
  • 149 शाकिब अल हसन
  • 99 तस्कीन अहमद
  • 61 महेदी हसन
  • 58 शोरिफुल इस्लाम

बांग्लादेश के लिए अपना 118वां मुकाबला खेलते हुए मुस्तफिजुर रहमान ने यह उपलब्धि हासिल की। वह टी20 इंटरनेशनल में 150 विकेट लेने वाले दुनिया के चौथे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले राशिद खान, टिम साउथी और ईश सोढ़ी ने इस फॉर्मेट में यह कारनामा किया है। 173 विकेटों के साथ राशिद खान टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप पर हैं।

टी20आई में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला खिलाड़ी

खिलाड़ी का नाम देश मैच खेले विकेट्स सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी आंकड़े
राशिद खान अफग़ानिस्तान 103 173 5/3
टिम साउथी न्यूज़ीलैंड 126 164 5/18
ईश सोढ़ी न्यूज़ीलैंड 126 150 4/12
मुस्ताफिजुर रहमान* बांग्लादेश 118* 150* 6/10
शाकिब अल हसन बांग्लादेश 129 149 5/20
आदिल राशिद इंग्लैंड 131 141 4/2
वानिंदु हसरंगा श्रीलंका 84 138 4/9
एडम ज़म्पा ऑस्ट्रेलिया 103 130 5/19
हारिस रऊफ पाकिस्तान 92 130 4/18
एहसान खान हांगकांग 97 129 4/5
मार्क अडायर आयरलैंड 89 128 4/13

श्रीलंका के खिलाफ बांग्लादेश के आखिरी सुपर 4 मैच में मुस्तफिजुर ने चार ओवर फेंके और 20 रन देकर 3 विकेट लिए। बांग्लादेशी टीम प्रबंधन और प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि वह मौजूदा मैच में और विकेट लेंगे और सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम को कम से कम स्कोर पर रोकेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com