लिटन दास ने तोड़ा शाकिब अल हसन का रिकॉर्ड, T20I में ऐसा करने वाले पहले बांग्लादेशी बने

Litton Das Overtakes Shakib Al Hasan: बांग्लादेश के टी20आई कप्तान लिटन दास ने शाकिब अल हसन को रनों के मामले में पीछे छोड़ दिया है। वो अब बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
लिटन दास ने तोड़ा शाकिब अल हसन का रिकॉर्ड, T20I में ऐसा करने वाले पहले बांग्लादेशी बने
लिटन दास (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Litton Das Overtakes Shakib Al Hasan: बांग्लादेश के टी20 टीम के कप्तान लिटन दास ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वो टी20 इंटरनेशनल में शाकिब अल हसन के रिकॉर्ड को तोड़कर इतिहास रच दिया। लिटन दास, अब बांग्लादेश के लिए टी20आई में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

लिटन दास ने शाकिब अल हसन के 2551 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा और इस फॉर्मेट में अपने देश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। दुबई में बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच चल रहे एशिया कप 2025 के सुपर 4 मैच में लिटन को शाकिब से आगे निकलने के लिए 19 रनों की जरूरत थी और उन्होंने 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए तीसरे नंबर के बल्लेबाज के रूप में 16 गेंदों पर 23 रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की।

टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में बांग्लादेश के लिए सर्वाधिक रन

स्थान खिलाड़ी का नाम मैच रन
1 लिटन दास 114 2556
2 शाकिब अल हसन 129 2551
3 महमुदुल्लाह 141 2444
4 तमीम इकबाल 74 1701
5 मुशफिकुर रहीम 102 1500
6 सौम्य सरकार 87 1462
7 अफीफ हुसैन 70 1117
8 नजमुल हुसैन शान्तो 50 987
9 तौहीद हृदय 50 978*
10 सब्बीर रहमान 48 977

शाकिब अल हसन ने अपने 18 साल के टी20आई करियर के दौरान 129 मुकाबले खेले हैं। जिसमें उन्होंने 2551 रन बनाए हैं। वहीं लिटन दास ने यह कारनामा केवल 114वें मुकाबले में ही कर दिया। इसके साथ ही टी20 इंटरनेशनल में लिटन ने 15 बार 50 रनों का आंकड़ा पार किया है और इस फॉर्मेंट में बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी लिटन दास के नाम है।

मुस्ताफिजुर रहमान ने भी शाकिब की बराबरी की

मैच के पहली पारी में बांग्लादेश के लिए गेंदबाजी करते हुए मुस्ताफिजुर रहमान ने टी20आई में देश के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में शाकिब की बराबरी कर ली है। शाकिब ने 129 मैचों में 149 विकेट लिए जबकि रहमान ने 117 मैचों में 149 विकेट लिए हैं। इस मुकाबले में मुस्ताफिजुर ने 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में बांग्लादेश के लिए सर्वाधिक विकेट

गेंदबाज का नाम मैच विकेट्स सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
शाकिब अल हसन 129 149 5/20
मुस्ताफिजुर रहमान 117 149 6/10
तस्कीन अहमद 81 99 4/16
मेहदी हसन 66 61 4/11
शोरिफुल इस्लाम 54 58 3/17

शनिवार को खेले गए मुकाबले में मुस्ताफिजुर रहमान ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। उन्होंने अपना विकेट खाता 14वें ओवर की चौथी गेंद पर खोला, जब उन्होंने कुसल परेरा को आउट किया। परेरा ने अपनी टीम के स्कोर में 16 रन जोड़े थे, लेकिन टी20 कप्तान और विकेटकीपर लिटन दास को कैच थमा बैठे।

मैच के अपने आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर रहमान ने कामिंदु मेंडिस को पवेलियन भेजा। मेंडिस ने दो गेंदों में सिर्फ एक रन बनाया और एक बार फिर लिटन दास ने कैच पकड़कर रहमान को सफलता दिलाई। इसके बाद अगली गेंद पर वानिंदु हसरंगा ने दो रन बटोरे, लेकिन ओवर की आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह बाउंड्री के पास तनजीद हसन के हाथों कैच आउट हो गए।

Navbharat Live
navbharatlive.com