

Highlights:
मुंबई इंडियंस (MI) ने ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को बनाया हेड कोच
पोलार्ड का मुंबई इंडियंस के साथ रिश्ता बेहद खास और पुराना रहा
नीता अंबानी ने पोलार्ड के 16 साल लंबे सफर को याद करते हुए खुशी जाहिर की
Kieron Pollard Mumbai Indians Coach: 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) ने आगामी आईपीएल 2027 के 20वें सीजन से पहले अपने नए हेड कोच का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। फ्रेंचाइजी ने यह बड़ी जिम्मेदारी वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को सौंपी है।
पोलार्ड न सिर्फ लंबे समय तक मुंबई इंडियंस के लिए बतौर खिलाड़ी खेल चुके हैं, बल्कि वह मौजूदा कप्तान हार्दिक पांड्या के भी बेहद करीबी दोस्त माने जाते हैं। हाल ही में श्रीलंकाई लीजेंड महेला जयवर्धने ने मुंबई इंडियंस के हेड कोच का पद छोड़ा था, जिसके बाद पोलार्ड को इस मुख्य भूमिका के लिए चुना गया है।
दरअसल, कीरोन पोलार्ड का मुंबई इंडियंस के साथ रिश्ता बेहद खास और पुराना रहा है। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के इतिहास में अब तक जो 5 खिताब जीते हैं, उन सभी खिताबी जीतों में पोलार्ड बतौर खिलाड़ी टीम के मुख्य स्तंभ रहे हैं। खिलाड़ी के बाद उन्होंने टीम के बैटिंग कोच के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं और अब वे हेड कोच के रूप में टीम के अगले चैप्टर की शुरुआत करने जा रहे हैं।
आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस का मुख्य कोच नियुक्त होने के बाद कीरोन पोलार्ड भावुक और उत्साहित नजर आए। उन्होंने अपने बयान में कहा कि मुंबई इंडियंस के हेड कोच की भूमिका निभाना मेरे लिए सम्मान की बात है। MI मेरी ज़िंदगी और करियर का एक बहुत बड़ा हिस्सा रहा है, और इस टीम, खिलाड़ियों और पल्टन के साथ मेरा जो रिश्ता है, वह मेरे लिए बहुत मायने रखता है।
एक खिलाड़ी और फिर एक कोच के तौर पर इस सफ़र का अनुभव करने के बाद, मैं समझता हूं कि मुंबई इंडियंस किस चीज़ के लिए जानी जाती है और ब्लू एंड गोल्ड को रिप्रेजेंट करने के साथ क्या ज़िम्मेदारी आती है।
इसके अलावा कीरोन पोलार्ड ने अंबानी परिवार का आभार जताते हुए कहा कि, "मैं मिसेज नीता अंबानी, आकाश अंबानी और पूरे MI परिवार का मुझ पर भरोसा करने के लिए शुक्रगुज़ार हूं। मैं खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर काम करने, टीम की विरासत को आगे बढ़ाने और पल्टन को जश्न मनाने के कई और कारण देने के लिए उत्सुक हूं।
मुंबई इंडियंस की को-ओनर नीता अंबानी ने पोलार्ड के 16 साल लंबे सफर को याद करते हुए खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पोलार्ड 22 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस में शामिल हुए थे और पिछले सोलह सालों में, हमारे परिवार का एक अहम हिस्सा बन गए हैं।
एक खिलाड़ी के तौर पर, उन्होंने हमें कई यादगार पल दिए, और एक कोच के तौर पर, उन्होंने अपना अनुभव, जुनून और खेल की गहरी समझ शेयर करना जारी रखा है।
हम उन्हें हेड कोच के तौर पर यह नई ज़िम्मेदारी लेते हुए देखकर बहुत खुश हैं। वहीं नीता अंबानी ने उम्मीद जताई कि पोलार्ड अपनी नई भूमिका में भी वही प्रतिबद्धता और पक्का इरादा लेकर आएंगे जो वे एक खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर लाते थे।