

अहमदाबाद: बीते रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में एक बार फिर सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को वो रूप देखने मिला जिसके लिए वह जाने जाते हैं। उन्होंने गुजरात के कप्तान शुभमन गिल को फंसाने के लिए गजब का जाल बुना।
आईपीएल के 18वें सीजन के अपने आखिरी मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने कमाल का खेल दिखाया। हालांकि, ये सीजन चेन्नई के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था, लेकिन लगी स्टेज का आखिरी मुकाबला टीम ने यादगार बना लिया। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में सीएसके ने इस सीजन का अंत जीत के साथ किया है। इस मैच में धोनी की कप्तानी देखकर एक बार फिर फैंस का दिल उनके लिए धड़क उठा है।
चेन्नई ने आज के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात के सामने 231 रनों का लक्ष्य रखा। गुजरात की तरफ से कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ओपनिंग करने आए। धोनी ने गिल को मैदान के बीच में आउट करने का मास्टर प्लान तैयार किया, जो काम भी आया।
चेन्नई के लिए दूसरा ओवर अंशुल कंबोज करने आए। इस ओवर की दूसरी गेंद पर शुभमन गिल ने छक्का जड़ा। जिसके बाद विकेट के पीछे खड़े कप्तान एमएस धोनी ने अंशुल की अगली गेंद को पहले ही भांप लिया और धोनी ने अपने दाएं हाथ की तरफ स्लिप में उर्विल पटेल को तैनात कर दिया। अंशुल ने जैसे ही अपने ओवर की तीसरी गेंद फेंकी, जीटी के कप्तान गिल स्लिप में उर्विल पटेल के हाथों अपना विकेट गंवा बैठे।
सोशल मीडिया पर धोनी के इस मास्टर प्लान की जमकर तारीफ हो रही है। लोग इसे मास्टर क्लास कप्तानी बता रहा है। माही की इस तकनीक ने एक बार फिर सभी को उनका मुरीद बना दिया है। धोनी का ये प्लान उनकी टीम के लिए भी काफी फायदेमंद साबित हुआ है, क्योंकि गिल काफी खतरनाक बल्लेबाज हैं।
मैच की बात करें तो टॉस जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट के नुकसान पर 230 रन बनाए। जवाब में गुजरात की पूरी टीम 18.3 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई। इस मुकाबले में गुजरात ने चेन्नई के हाथों 83 रन से हार का सामना करना पड़ा, जो आईपीएल इतिहास में उनकी सबसे बड़ी हार भी है। साथ ही चेन्नई ने जीत के साथ सीजन का अंत किया।