Under-19 World Cup: भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका, मोहम्मद शायन टूर्नामेंट से हुए बाहर

Mohammad Shayan: अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शायन टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
Abdul Qadir replaces Mohammad Shayan in Pakistan's U19 World Cup
पाकिस्तान अंडर-19 टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

India U19 vs Pakistan U19: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में 1 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच सुपर-6 का महामुकाबला खेला जाना है। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है, क्योंकि सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए जीत जरूरी होगी। लेकिन इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले पाकिस्तान टीम को बड़ा झटका लगा है।

पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शायन चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। अभ्यास सत्र के दौरान शायन की नाक की हड्डी टूट गई, जिसके चलते वह बाकी बचे मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। शायन के बाहर होने के बाद पाकिस्तान टीम ने उनकी जगह अब्दुल कादिर को स्क्वाड में शामिल किया है। कादिर पहले से ही टीम के साथ रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर जुड़े हुए थे।

ICC ने रिप्लेसमेंट की मंजूरी दी

आईसीसी ने शनिवार को एक बयान में कहा, "आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 की इवेंट तकनीकी समिति ने अब्दुल कादिर को पाकिस्तान टीम में मोहम्मद शायन की जगह शामिल करने की मंजूरी दे दी है।"

सेमीफाइनल के लिए तीन टीम हुई तय

शुक्रवार को जबरदस्त जीत दर्ज करने के बाद इंग्लैंड और अफगानिस्तान सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के साथ शामिल हो गए। सेमीफाइनल की चौथी टीम कौन होगी, इसका जवाब भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले सुपर सिक्स के आखिरी मैच के विजेता के रूप में मिलेगा। भारत का समीकरण काफी सीधा है। पाकिस्तान के खिलाफ जीत से यह पक्का हो जाएगा कि वे ग्रुप 2 से टॉप रैंक वाली टीम के तौर पर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेंगे।

वहीं पाकिस्तान की बात करें तो उसके लिए सिर्फ जीत से बात नहीं बनेगी। पाकिस्तान को बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी और अंकतालिका में भारतीय टीम को पीछे छोड़ना होगा। उसके बाद ही उसके लिए सेमीफाइनल की संभावना बनेगी।

पाकिस्तान को बड़े जीत की जरूरत

अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करता है, तो उसे ग्रुप 2 स्टैंडिंग में दूसरे नंबर पर रहने और भारत को हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने के लिए 105 या उससे अधिक रन से जीत दर्ज करनी होगी। अगर पाकिस्तान दूसरी पारी में बल्लेबाजी करती है, तो उसे तेज गति से लक्ष्य हासिल करना होगा। सामान्य जीत पाकिस्तान को सेमीफाइनल में नहीं पहुंचा सकती है।

रविवार को 1 बजे से खेला जाएगा मुकाबला

महामुकाबले से पहले टीम के अहम खिलाड़ी का बाहर होना पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब भारत के खिलाफ मुकाबला करो या मरो की स्थिति में है। भारत और पाकिस्तान के बीच ये मुकाबला रविवार को भारतीय समयानुसार 1 बजे से क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो में खेला जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com