वानखेड़े में 'थाला' का इंतजार रह गया अधूरा! ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस पर बताया- क्यों नहीं खेल रहे एमएस धोनी?

IPL 2026: आईपीएल 2026 का 33वां मुकाबला मुंबई और चेन्नई के बीच खेला जा रहा है। सभी की नजरें एमएस धोनी की वापसी पर थीं, लेकिन वह इस मैच में भी टीम का हिस्सा नहीं हैं।
MS Dhoni Update IPL 2026
महेंद्र सिंह धोनी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ruturaj Gaikwad stetement on MS Dhoni: आईपीएल 2026 का 33वां लीग मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतते ही बिना देर किए पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। मैच से पहले सबसे ज्यादा चर्चा एमएस धोनी की वापसी को लेकर थी, जो हाल के दिनों में अभ्यास करते नजर आए थे। हालांकि, चेन्नई ने प्लेइंग 11 में बदलाव किए, लेकिन धोनी को टीम में शामिल नहीं किया गया। इतना ही नहीं, वह इस मुकाबले के लिए वानखेड़े स्टेडियम भी नहीं पहुंचे।

धोनी की गैरमौजूदगी बनी चर्चा का विषय

मुंबई और चेन्नई के बीच मुकाबले हमेशा हाई वोल्टेज रहते हैं, ऐसे में इस मैच को लेकर भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लेकिन धोनी का इस मुकाबले में न होना फैंस के लिए बड़ा झटका है। आईपीएल इतिहास में यह बेहद कम मौके हैं जब धोनी मुंबई के खिलाफ मैच में नहीं खेले हैं। चेन्नई के कप्तान रुतुराज गायकवाड ने टॉस के समय साफ किया कि धोनी इस मैच के लिए स्टेडियम में भी मौजूद नहीं हैं। सीजन शुरू होने से पहले उन्हें हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी, जिसके कारण वह अब तक पूरी तरह फिट नहीं हो सके हैं। टीम मैनेजमेंट ने मैच से पहले उनकी फिटनेस पर अंतिम फैसला लेने की बात कही थी।

रोहित शर्मा भी टीम से बाहर

इस मुकाबले में रोहित शर्मा की वापसी को लेकर भी काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह भी इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस के दौरान प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं करने की बात कही, जिससे साफ हो गया कि रोहित एक बार फिर बाहर हैं। रोहित को आरसीबी के खिलाफ मैच में हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी और यह लगातार तीसरा मैच है जिसमें वह टीम का हिस्सा नहीं हैं।

मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबले हमेशा से रोमांच से भरपूर रहे हैं। दोनों टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलती है और इस बार भी मुकाबले को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। हालांकि, दोनों टीमों के प्रमुख खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी ने इस मैच की तस्वीर थोड़ी बदली है, लेकिन इसके बावजूद मैदान पर कड़ी टक्कर देखने को मिलना तय है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com