

Akash Choudhary: मेघालय के युवा बल्लेबाज आकाश चौधरी ने रविवार को फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो अब तक कोई नहीं कर सका था। उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2024-25 के मुकाबले में मात्र 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। यह मैच सूरत के सी.के. पिथवाला ग्राउंड में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेला जा रहा था। इस पारी के साथ आकाश ने इंग्लैंड के वेन व्हाइट (12 गेंदों में फिफ्टी, 2012) का रिकॉर्ड तोड़ते हुए इतिहास रच दिया।
25 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज आकाश चौधरी ने 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए यह अनोखी उपलब्धि हासिल की। जब वह क्रीज पर आए, तब मेघालय की टीम का स्कोर पहले से ही मजबूत स्थिति में था। इस वक्त क मेघालय का स्कोर 576/6 था। आकाश ने आते ही गेंदबाजों पर कहर बरपा दिया और केवल 11 गेंदों में 50 रन बना डाले। इस दौरान उन्होंने शानदार 8 छक्के लगाए और एक भी चौका नहीं जड़ा। उनकी यह आक्रामक पारी न सिर्फ दर्शकों के लिए रोमांचक रही, बल्कि क्रिकेट इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज हो गई।
आकाश चौधरी ने इस मैच में लगातार आठ छक्के जड़कर एक और अद्भुत उपलब्धि अपने नाम कर ली। इनमें से छह छक्के उन्होंने एक ही ओवर में मारे, जो गेंदबाज लिमार डाबी के खिलाफ आए। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज रवि शास्त्री के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली, जिन्होंने 1984-85 में बड़ौदा के खिलाफ एक ओवर में छह छक्के जड़े थे।
हालांकि, आकाश इस मामले में आगे निकल गए क्योंकि वे लगातार आठ छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले गैरी सोबर्स ने 1986 में ग्लेमोर्गन के खिलाफ लगातार छह छक्के जड़े थे, लेकिन आठ छक्कों की यह उपलब्धि किसी ने हासिल नहीं की थी।
आकाश की 14 गेंदों में नाबाद 50 रनों की पारी (8 छक्के) की बदौलत मेघालय की टीम ने अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 628 रन बनाकर घोषित की। इस तूफानी पारी ने न सिर्फ टीम का मनोबल बढ़ाया बल्कि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी का नया अध्याय भी लिख दिया।