लॉस एंजिल्स में खेल सकता है भारत? अगले साल जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ अमेरिका या कनाडा में होंगे T20 मैच

IND vs West Indies T20 Series: भारत अगले साल जुलाई 2027 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अमेरिका या कनाडा में दो T20 मैच खेल सकती है। इन मैचों की मेजबानी के लिए वाशिंगटन डीसी व टोरंटो सबसे आगे चल रहे हैं।
India vs West Indies T20 Series 2027
भारत बनाम वेस्टइंडीज सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक से एक साल पहले टीम इंडिया को वहां खेलने का मौका मिल सकता है।

  • जुलाई 2027 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टी20 मैच खेले जा सकते हैं।

  • वेस्टइंडीज की मेजबानी में ये मुकाबले अमेरिका या कनाडा में आयोजित होने की संभावना है।

India Tour of USA and Canada 2027: भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को साल 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स ओलंपिक से ठीक एक साल पहले वहां खेलने का सुनहरा मौका मिल सकता है।

अगले साल यानी जुलाई 2027 में टीम इंडिया वेस्टइंडीज की मेजबानी में अमेरिका या कनाडा में दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल सकती है।

वाशिंगटन डीसी, टोरंटो और लॉस एंजिल्स रेस में सबसे आगे

दरअसल, ESPNcricinfo की एक रिपोर्ट के अनुसार, क्रिकेट वेस्टइंडीज उत्तरी अमेरिका में क्रिकेट का विस्तार करने की योजना बना रहा है। जुलाई 2027 में भारत के वेस्टइंडीज दौरे में दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 मैच शामिल हो सकते हैं। इस सीरीज के पांच में से दो टी20 मुकाबले उत्तरी अमेरिका के किसी एक वेन्यू पर आयोजित किए जाएंगे।

इन मैचों की मेजबानी के लिए वाशिंगटन डीसी और टोरंटो सबसे आगे चल रहे हैं। इसके अलावा, 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट के लिए तय किए गए वेन्यू 'पोमोना' और फ्लोरिडा के 'लॉडरहिल' को भी विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।

India vs West Indies T20 Series 2027
Rinku Singh और Priya Saroj ने वाराणसी में किए काशी विश्वनाथ दर्शन, वायरल हुआ VIDEO

ICC के नए FTP चक्र का होगा हिस्सा

यह पूरा दौरा इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के 2027-31 के 'फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम' (FTP) का हिस्सा होगा, जिसे फिलहाल अंतिम रूप दिया जा रहा है। हाल ही में बाली में हुई आईसीसी की तिमाही बैठकों में सभी 'फुल मेंबर्स' ने इन योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की है। वेस्टइंडीज अपने नए FTP चक्र की शुरुआत भारत की मेजबानी के साथ ही करेगा।

उत्तरी अमेरिका के बाजार पर है वेस्टइंडीज की नजर

उत्तरी अमेरिका क्षेत्र में क्रिकेट वेस्टइंडीज आईसीसी का इकलौता 'फुल मेंबर' है। पिछले एक दशक से वेस्टइंडीज फ्लोरिडा के लॉडरहिल स्थित ब्रोवार्ड काउंटी स्टेडियम में नियमित रूप से मैच खेलता आ रहा है। वहीं, हाल ही में सेंट विंसेंट और ग्रेनाडाइन्स में आयोजित हुए 'जीटी20 कनाडा' टूर्नामेंट के जरिए उसने क्रिकेट कनाडा के साथ भी अपने संबंध मजबूत किए हैं।

भविष्य में वेस्टइंडीज के मैच ओकलैंड कोलिजीयम और वैंकूवर में भी खेले जा सकते हैं। इस रणनीति पर बात करते हुए CWI के अध्यक्ष किशोर शैलो ने कहा, "उत्तरी अमेरिका में विस्तार करना हमारी रणनीति का अहम हिस्सा है। अमेरिका में टी20 वर्ल्ड कप के बाद अब ओलंपिक भी होने वाले हैं। वहां भारतीय और कैरेबियाई मूल के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं, इसलिए हम वहां मुकाबलों की मेजबानी को लेकर बातचीत कर रहे हैं।"

India vs West Indies T20 Series 2027
Gautam Gambhir Coaching Style: क्या है गौतम गंभीर का 'नो-नॉनसेंस' स्टाइल? जिससे न्यूजीलैंड में जीतेंगे टेस्ट

2028 में लॉर्ड्स में ऐतिहासिक टेस्ट मैच खेलेगा वेस्टइंडीज

रिपोर्ट में यह भी साफ किया गया है कि फिलहाल वेस्टइंडीज की उत्तरी अमेरिका में कोई टेस्ट मैच आयोजित करने की योजना नहीं है और उनका पूरा फोकस सीमित ओवरों के क्रिकेट पर है। हालांकि, अगले FTP चक्र का सबसे बड़ा आकर्षण साल 2028 में वेस्टइंडीज का इंग्लैंड (UK) दौरा होगा।

इस दौरे पर ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में एक खास टेस्ट मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच साल 1928 में खेले गए पहले टेस्ट मैच के 100 साल पूरे होने के जश्न के तौर पर आयोजित किया जाएगा। बता दें कि जून 1928 में हुए उस पहले मैच में वेस्टइंडीज को एक पारी और 58 रनों से हार झेलनी पड़ी थी।