

Matthew Hayden on Gujarat Titans Performance: आईपीएल 2026 का 30वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। जिसमें गुजरात टाइटंस को 99 रनों से हार का सामना करना पड़ा। गुजरात की टॉप-3 के फेल होने के बाद पूरी टीम सस्ते में ढेर हो गई। इस हार के बाद जीटी की बल्लेबाजी पूरी तरह से एक्सपोज हो गई। जिसके बाद टीम के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन ने भी इस कमी को माना।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मैथ्यू हेडन ने कहा कि आज मिडिल ऑर्डर की पोल खुल गई। टॉप-ऑर्डर की नाकामी ने बाकियों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दीं। पावरप्ले की बात यह है कि आप वहां से जीत नहीं सकते, खासकर रन चेज में, लेकिन आप हार जरूर सकते हैं। हमने इसे पावरप्ले में ही गंवा दिया। बता दें कि साई सदर्शन, जोस बटलर, और शुभमन गिल 4.4 ओवर तक आउट हो चुके थे।
हेडन ने कहा, "हम अपने मध्यक्रम पर बहुत दबाव डाल रहे हैं। जब आप देखते हैं कि आप मध्यक्रम को कैसे संभालते हैं, तैयारी कैसे करते हैं, तो यह टॉप तीन के तैयारी करने के तरीके से बहुत अलग होता है। वे इम्पैक्ट के लिए बल्लेबाजी कर रहे हैं। आप जानते हैं, जब आप शाहरुख खान को वहां भेजते हैं। मुझे नंबर नहीं पता, अगर आपको 7 गेंद मिल रही हैं और आप 180 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं, तो आपका सीजन जबरदस्त चल रहा है।"
उन्होंने कहा, "शाहरुख खान, राहुल तेवतिया और ग्लेन फिलिप्स संघर्ष कर रहे हैं। हमें राहुल तेवतिया या शाहरुख खान को बहुत ज्यादा गेंदें नहीं खेलने देनी चाहिए। यह उनका रोल नहीं है। वे इसके लिए ट्रेनिंग नहीं करते हैं। आप जानते हैं, हम एक बहुत अच्छी सोचने वाली बल्लेबाजी यूनिट हैं। सभी के अपने रोल हैं और सभी निभाते भी हैं, लेकिन इस मैच में वे ऐसा नहीं कर सके।"
एमआई ने तिलक वर्मा की 101 रन की नाबाद पारी की बदौलत 5 विकेट पर 199 रन बनाए थे और जीटी को 100 रन पर समेटकर 99 रन से जीत हासिल की। तिलक प्लेयर ऑफ द मैच रहे। एमआई के लिए अश्वनी कुमार ने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए।