NZ W vs SA W: मारिजाने कैप ने हासिल किया बड़ा मुकाम, वनडे क्रिकेट में रचा इतिहास

Womens ODI World Cup 2025: आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 में साउथ अफ्रीका की ऑलराउंडर मारिजाने कैप ने इतिहास रचा। वह साउथ अफ्रीका की ओर से सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने वाली खिलाड़ी बन गई हैं।
NZ W vs SA W: मारिजाने कैप ने हासिल किया बड़ा मुकाम, वनडे क्रिकेट में रचा इतिहास
मारिजाने कैप (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Marizanne Kapp Created History: आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के बीच साउथ अफ्रीका की दिग्गज ऑलराउंडर मरिजाने कैप ने इतिहास रच दिया है। वह अब अपने देश की ओर से सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर बन गई हैं। उन्होंने यह उपलब्धि इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में हासिल की।

कैप ने इस मैच में अपने करियर का 155वां वनडे मुकाबला खेला और साउथ अफ्रीका की पूर्व कप्तान मिग्नोन डु प्रीज़ का रिकॉर्ड तोड़ दिया। डु प्रीज़ ने अपने करियर में 154 वनडे मैच खेले थे। इस रिकॉर्ड के साथ कैप ने साउथ अफ्रीकी क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। साथ ही वह महिला वनडे क्रिकेट इतिहास में सातवें नंबर की खिलाड़ी बन गई हैं जिन्होंने सबसे ज्यादा मैच खेले हैं।

मरिजाने कैप अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने साल 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था और तब से टीम की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शुमार रही हैं। उनका अनुभव और प्रदर्शन साउथ अफ्रीकी टीम के लिए अहम रहा है।

वनडे में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर

  • मिताली राज (भारत)- 232 मैच
  • झूलन गोस्वामी (भारत)- 204 मैच
  • शार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड)- 191 मैच
  • सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड)- 173 मैच
  • स्टेफनी टेलर (वेस्टइंडीज)- 170 मैच
  • एलिस पेरी (ऑस्ट्रेलिया)- 159 मैच
  • मरिजाने कैप (साउथ अफ्रीका)- 155 मैच
  • सोफी डिवाइन (न्यूजीलैंड)- 154 मैच

न्यूजीलैंड ने दिया 232 रनों का लक्ष्य

वर्ल्ड कप के इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कीवी टीम ने निर्धारित 47.5 ओवर में 231 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। कप्तान सोफी डिवाइन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 85 रन की पारी खेली। उनके अलावा ब्रुक हालिडे ने 45 रन और ओपनर जॉर्जिया प्लिमर ने 31 रन का योगदान दिया। साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें नॉनकुलुलेको मलाबा सबसे सफल रहीं। उन्होंने अपने 10 ओवर के स्पेल में 40 रन देकर 4 विकेट झटके।

साउथ अफ्रीका की नज़र जीत पर

साउथ अफ्रीका का इस वर्ल्ड कप में आगाज अच्छा नहीं रहा था। टीम को अपने पहले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 10 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी थी। अब कैप की अगुवाई में टीम का लक्ष्य न्यूजीलैंड को हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज करने का है। मरिजाने कैप का यह माइलस्टोन उनके शानदार करियर में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ता है और साउथ अफ्रीकी क्रिकेट इतिहास में उनके नाम को और भी ऊंचाई पर पहुंचा देता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com