

Rishabh Pant and Kuldeep Yadav New Team IPL 2027: आईपीएल 2027 से पहले खिलाड़ियों के संभावित ट्रांसफर और टीम बदलावों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत और स्टार स्पिनर कुलदीप यादव आगामी सीजन में नई टीमों की जर्सी में नजर आ सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋषभ पंत लखनऊ सुपर जायंट्स का साथ छोड़कर दिल्ली कैपिटल्स में वापसी कर सकते हैं। पंत लंबे समय तक दिल्ली फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे हैं और टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2025 से पहले पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिससे वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। हालांकि पिछले दो सीजन में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। आईपीएल 2025 में उन्होंने 269 रन बनाए, जबकि 2026 सीजन में उनके बल्ले से 312 रन निकले। टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उन्होंने कप्तानी भी छोड़ दी थी।
स्टार स्पिनर कुलदीप यादव के भी दिल्ली कैपिटल्स से अलग होने की खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि, इसके पीछे की वजह को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। दिल्ली कैपिटल्स ने कुलदीप को 13.25 करोड़ रुपये में रिटेन किया था और वह 2022 से टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। लेकिन आईपीएल 2026 में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने 12 मैचों में 10 विकेट लिए और उनका इकॉनमी रेट भी 10 रन प्रति ओवर से अधिक रहा। ऐसे में उनके लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के भीतर भी बड़े बदलावों की चर्चा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है। राहुल इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स का नेतृत्व कर चुके हैं और कप्तानी का अच्छा अनुभव रखते हैं। इसके अलावा, पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को भी टीम के कोचिंग सेटअप में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। यदि ये बदलाव होते हैं तो दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2027 में नए नेतृत्व और नई रणनीति के साथ मैदान में उतर सकती है।
हालांकि, इन सभी संभावित बदलावों को लेकर अभी तक किसी भी फ्रेंचाइजी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में फैंस को अंतिम फैसले के लिए आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।