

Ranchi: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को झारखंड के तमाड़ स्थित प्रसिद्ध सोलहभुजी मां दिउड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपनी पत्नी साक्षी, बेटी जीवा और करीबी दोस्त चिंटू के साथ मंदिर पहुंचे। यहां पहुंचकर धोनी ने अपने परिवार समेत मां दुर्गा की विधिवत पूजा की और आशीर्वाद लिया।
धोनी का यह मंदिर दौरा उनके प्रशंसकों के बीच खासा चर्चा में रहा है। इसके पीछे का कारण माही का इस प्राचीन मंदिर से गहरा आध्यात्मिक नाता होना है। तमाड़ का ये दिउड़ी मंदिर झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 60 किलोमीटर दूर है। ये अपनी सोलह भुजाओं वाली मां दुर्गा की मूर्ति के लिए प्रसिद्ध है।
धोनी अपने बचपन के ही दिनों से आते रहते हैं। वो हर बड़े टूर्नामेंट या उपलब्धि से पहले और बाद में यहां दर्शन करने आते हैं। ठीक ऐसा ही इस बार भी हुआ। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के बाद धोनी का यह दौरा उनके भविष्य के क्रिकेट करियर को लेकर अटकलों को हवा दे रहा है। दूसरी तरफ फैंस का मानना है कि माही जल्द ही अपने भविष्य को लेकर कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं।
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के देखने के मंदिर के बाहर भीड़ उमड़ी। इस दौरान फैंस ने उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश की। वहीं, मंदिर के पुजारी मनोज पांडा ने बताया कि धोनी ने विशेष पूजा की। इस दौरान उन्होंने मां से देश की खुशहाली की प्रार्थना की। धोनी की ऐसी सादगी और मां के प्रति भक्ति ने एक बार फिर लोगों का दिल जीत लिया। वहां मौजूद स्थानीय लोगों का कहना है कि धोनी जब भी रांची आते हैं, इस मंदिर में जरूर आते हैं, जिसे वे अपनी सफलता का आधार मानते हैं।
अब महेंद्र सिंह धोनी के इस दौरे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वो नारियल फोड़ते और परिवार के साथ पूजा करते नजर आ रहे हैं। उनका मंदिर में यह दौरा न केवल धोनी की आध्यात्मिकता को दर्शाता है, बल्कि उनके फैंस के लिए भी एक प्रेरणा है कि सफलता के शिखर पर भी अपनी जड़ों से जुड़े रहना कितना जरूरी है।