

Suresh Raina All Time World XI: इस वक्त वर्ल्ड चैंपियनशिप लीजेंड्स 2025 का आयोजन चल रहा है। जहां पर कई एक्स क्रिकेटर्स अपने-अपने देश के लिए जलावा दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में 20 जुलाई को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाना था, लेकिन ये मैच विवाद के कारण रद्द हो चुका है। इस क्रिकेट लीग में भारतीय टीम के लिए सुरेश रैना भी खेलते हुए नजर आएंगे। इसी बीच उन्होंने अपनी ऑल टाइम वर्ल्ड-11 चुनी है। जिसमें रैना ने अपने दोस्त व पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली को शामिल नहीं किया है।
धोनी और कोहली को अपनी ऑल टाइम वर्ल्ड-11 में न चुनकर रैना ने सबको हैरान कर दिया है। इस टीम में उन्होंने भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह को शामिल किया है। आइए देखते हैं रैना के द्वारा चुनी गई ऑल टाइम वर्ल्ड-11 टीम कैसी है।
सुरेश रैना ने अपनी ऑल टाइम वर्ल्ड-11 में अलग-अलग देशों के स्टार खिलाड़ियों को शामिल किया है। उन्होंने सलामी बल्लेबाज के तौर पर पूर्व कैरेबियाई खिलाड़ी ब्रायन लारा और सचिन तेंदलुकर को रखा है। इसके बाद रैना ने मिडिल ऑर्डर में सर विवियन रिचर्ड्स को शामिल किया है। इसके साथ ही गैरी सोबर्स व हरफनमौला खिलाड़ी के तौर पर युवराज सिंह को रखा है। इसके बाद इयान बॉथम, एंड्रयू फ्लिंटॉप को चुना है। गेंदबाजी में उन्होंने अनिल कुंबले, शेन वार्न, हरभजन सिंह और सकलैन मुश्ताक को चुना है।
सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धोनी की दोस्ती के बारे में पूरी दुनिया को पता है। इसके अलावा वो विराट कोहली के करीबी माने जाते हैं। इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के साथ सुरेश रैना ने काफी क्रिकेट खेला है। विराट कोहली को रन मशीन के नाम से जाना जाता है। वहीं, धोनी ने कप्तान के तौर पर क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग छाप छोड़ी है। लेकिन रैना ने अपनी ऑल टाइम वर्ल्ड-11 में इन दो खिलाड़ियों को जगह नहीं दी।
ब्रायन लारा, सचिन तेंदलुकर, विवियन रिचर्ड्स, गैरी सोबर्स, युवराज सिंह, इयान बॉथम, एंड्रयू फ्लिंटॉफ, अनिल कुंबले, शेन वार्न, हरभजन सिंह, सकलैन मुश्ताक।