अजिंक्य रहाणे को महाराष्ट्र सरकार ने दिया तोहफा, क्रिकेट अकादमी खोलने का सपना होगा साकार

महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने सोमवार को मुंबई के पॉश बांद्रा इलाके में एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (खेल परिसर) विकसित करने के लिए 2,000 वर्ग मीटर भूमि को दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को पट्टे पर देने की मंजूरी दे दी।
अजिंक्य रहाणे को महाराष्ट्र सरकार ने दिया तोहफा, क्रिकेट अकादमी खोलने का सपना होगा साकार
अजिंक्य रहाणे (सोर्स: एएनआई)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे पिछले कुछ समय से टीम से बाहर चल रहे हैं। लेकिन अब उनके लिए एक खुशखबरी सामने आई हैं। दरअसल 23 सितंबर को हुई महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट की बैठक में भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे के लेकर एक निर्णय लिया गया। जिसके लिए अजिंक्य रहाणे ने महाराष्ट्र सरकार का धन्यावाद किया हैं।

महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने सोमवार को मुंबई के पॉश बांद्रा इलाके में एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (खेल परिसर) विकसित करने के लिए 2,000 वर्ग मीटर भूमि को दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को पट्टे पर देने की मंजूरी दे दी। यह प्लॉट मूल रूप से दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर को 1988 में एक इनडोर प्रशिक्षण अकादमी स्थापित करने के लिए आवंटित किया गया था हालांकि वह 30 से अधिक वर्षों तक इसका इस्तेमाल नहीं कर सके।

मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र कैबिनेट ने अत्याधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए क्रिकेटर अजिंक्य मधुकर रहाणे को 30 साल के पट्टे पर जमीन सौंपने के राजस्व विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट नोट में कहा गया है कि यह प्लॉट पहले गावस्कर को एक इनडोर क्रिकेट प्रशिक्षण अकादमी विकसित करने के लिए आवंटित किया गया था। विकास की कमी के कारण सरकार ने इस भूखंड को पुनः प्राप्त कर लिया।

अजिंक्य रहाणे ने किया सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी जानकारी

प्लाट आवंटित होने के बाद अजिंक्य रहाणे ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि "मुंबई में विश्व स्तरीय क्रिकेट अकादमी और खेल सुविधा के मेरे सपने का समर्थन करने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार, बीसीसीआई के काेषाध्यक्ष आशीष शेलार का धन्यवाद।"

रहाणे ने आगे लिखा कि "यह अकादमी युवा खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाओं और मार्गदर्शन के साथ सशक्त बनाएगी, और उस शहर में अगली पीढ़ी के चैंपियन तैयार करेगी जहां से मेरी क्रिकेट यात्रा शुरू हुई थी। महाराष्ट्र के उज्जवल भविष्य के लिए आपके प्रोत्साहन और नेतृत्व के लिए आभारी हूं।"

सुनील गावस्कर क्रिकेट फाउंडेशन ट्रस्ट ने वापस की थी जमीन

सरकार ने कहा कि यह भूखंड खराब स्थिति में है क्योंकि झुग्गीवासी इसका इस्तेमाल अनुचित काम के लिए कर रहे हैं। म्हाडा (महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी) द्वारा रहाणे को पट्टे पर प्लॉट सौंपने का प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसे मंत्रिपरिषद ने मंजूरी दे दी थी। ‘सुनील गावस्कर क्रिकेट फाउंडेशन ट्रस्ट' को आवंटित यह प्लॉट मई 2022 में राज्य सरकार को वापस कर दिया गया था।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com