1 रन से टूटा वॉशिंगटन फ्रीडम का सपना, लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने पहली बार जीता MLC का खिताब

LAKR vs WF: मेजर लीग क्रिकेट 2026 के रोमांचक फाइनल में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने वॉशिंगटन फ्रीडम को 1 रन से हराकर पहली बार खिताब जीता। सुनील नरेन और जेसन होल्डर जीत के हीरो रहे।
Washington Freedom's dream shattered by 1 run; Los Angeles Knight Riders win MLC title for the first time.
लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

LAKR vs WF MLC 2026 Final: मेजर लीग क्रिकेट 2026 के फाइनल में क्रिकेट प्रेमियों को आखिरी गेंद तक रोमांच देखने को मिला। ओकलैंड में खेले गए खिताबी मुकाबले में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स  ने वॉशिंगटन फ्रीडम को महज 1 रन से हराकर पहली बार मेजर लीग क्रिकेट का खिताब अपने नाम कर लिया। 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉशिंगटन फ्रीडम जीत के बेहद करीब पहुंची, लेकिन आखिरी गेंद पर मुकाबला हार गई।

आखिरी ओवर में पलटा पूरा मैच

वॉशिंगटन फ्रीडम ने 19 ओवर में 151 रन बना लिए थे और जीत के लिए आखिरी ओवर में 14 रन चाहिए थे। पहली ही गेंद पर ओबस पिएनार ने शानदार छक्का जड़कर मुकाबले को पूरी तरह रोमांचक बना दिया। अब पांच गेंदों पर सिर्फ आठ रन चाहिए थे, लेकिन गेंदबाज शैडली वैन शल्कविक ने अगली गेंद पर पिएनार को बोल्ड कर दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए इयान हॉलैंड गोल्डन डक पर आउट हो गए। लगातार दो विकेट गिरने से वॉशिंगटन की मुश्किलें बढ़ गईं।

फर्ग्युसन ने जगाई उम्मीद फिर भी नहीं मिली जीत

चौथी गेंद पर लॉकी फर्ग्युसन ने चौका लगाकर मुकाबले को फिर से जीवंत कर दिया। पांचवीं गेंद पर एक रन आया, जिसके बाद आखिरी गेंद पर जीत के लिए तीन रन चाहिए थे। हालांकि, लाहिरु मिलन्था सिर्फ एक रन ही बना सके और लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने मुकाबला एक रन से अपने नाम कर लिया।

नरेन और होल्डर बने जीत के सबसे बड़े हीरो

165 रनों के लक्ष्य का बचाव करना आसान नहीं था, लेकिन लॉस एंजिल्स की जीत में सुनील नरेन और कप्तान जेसन होल्डर ने अहम भूमिका निभाई। दोनों ने तीन-तीन विकेट झटके। नरेन ने चार ओवर में सिर्फ 13 रन देकर स्टीव स्मिथ, रचिन रवींद्र और मिचेल ओवेन जैसे बड़े बल्लेबाजों को आउट किया। वहीं, जेसन होल्डर ने भी तीन विकेट चटकाए और अपने टी20 करियर के 400 विकेट पूरे किए। वो ये उपलब्धि हासिल करने वाले वेस्टइंडीज के सिर्फ चौथे गेंदबाज बने।

पहली बार चैंपियन बना लॉस एंजिल्स

इस यादगार जीत के साथ लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने पहली बार मेजर लीग क्रिकेट का खिताब अपने नाम किया। वहीं, वॉशिंगटन फ्रीडम आखिरी गेंद तक संघर्ष करने के बावजूद इतिहास रचने से सिर्फ एक रन दूर रह गई।

Navbharat Live
navbharatlive.com