लक्ष्मी रतन शुक्ला बने रहेंगे बंगाल टीम के हेड कोच, मनोज तिवारी, साहा और मजूमदार को मिली बड़ी जिम्मेदारी
Ranji Trophy 2026-27: लक्ष्मी रतन शुक्ला को 2026-27 घरेलू सत्र के लिए बंगाल सीनियर पुरुष टीम का हेड कोच बनाए रखा गया है, जबकि मनोज तिवारी को अंडर-19 टीम की जिम्मेदारी मिली।
- Written By: संजय बिष्ट
लक्ष्मी रतन शुक्ला (फोटो- IANS)
Bengal Cricket Team: बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन ने 2026-27 घरेलू सत्र के लिए लक्ष्मी रतन शुक्ला को बंगाल की सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच पद पर बरकरार रखा है। वहीं, महाराष्ट्र के पूर्व बल्लेबाज सुरेंद्र भावे को टीम का सहायक कोच नियुक्त किया गया है।
कैब ने 24 अप्रैल को कोचिंग के कई पदों के लिए आवेदन मांगे थे। इससे अनुमान लगाया जा रहा था कि हेड कोच के रूप में शायद शुक्ला का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। शुक्ला को हटाए जाने की संभावना के पीछे रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल का परिणाम भी था जिसमें बंगाल टीम को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। गुरुवार को एक स्वतंत्र स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद कैब ने शुक्ला के हेड कोच पद पर बने रहने की पुष्टि कर दी। इस स्क्रीनिंग पैनल में अरुण लाल, देवांग गांधी और कल्याण चौधरी शामिल थे।
हमारा लक्ष्य चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष करना- कैब
कैब द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, “यह मूल्यांकन पूरी तरह से स्वतंत्र रूप और विस्तृत इंटरव्यू के जरिए किया गया। हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना था कि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष, योग्यता-आधारित और बिना किसी भेदभाव के हो।” शुक्ला, जो 2022 से बंगाल की सीनियर पुरुष टीम के प्रभारी हैं, ने 2022-23 में बंगाल को रणजी ट्रॉफी के फाइनल तक पहुंचाया और दो बार सेमीफाइनल में भी जगह दिलाई।
सम्बंधित ख़बरें
Singapore Open: पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, सात्विक-चिराग, तनीषा-ध्रुव ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई
अरुण धूमल का बड़ा बयान, IPL को लेकर BCCI का बड़ा मास्टरप्लान, अगले साल मार्च से मई तक नहीं होंगे मुकाबले?
दिल्ली हाईकोर्ट से विनेश फोगाट को मिली राहत पर संकट, रेसलिंग फेडरेशन ने सुप्रीम कोर्ट में दायर की याचिका
नए सिक्सर किंग वैभव सूर्यवंशी ने खोला अपनी कामयाबी का राज, जानिए गेंदबाजों के खिलाफ ‘Baby Boss’ का पूरा प्लॉन?
सुरेंद्र भावे की नियुक्ति बंगाल टीम के लिए अहम हो सकती है। 97 प्रथम श्रेणी मैचों में 58.18 की औसत से 7,971 रन बना चुके भावे टीम के लिए बैटिंग कंसल्टेंट के तौर पर काम करेंगे। भावे उस चयन समिति का हिस्सा रहे हैं जिसने 2011 में वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का चयन किया था। उनके पास कोचिंग का लंबा अनुभव है। वह घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र, पंजाब और ओडिशा की टीमों को कोचिंग दे चुके हैं।
सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में बंगाल ए ग्रुप में
2026-27 की रणजी ट्रॉफी के लिए बंगाल को झारखंड, महाराष्ट्र, सर्विसेज, गुजरात, केरल, दिल्ली और ओडिशा के साथ एक ग्रुप में रखा गया है। सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए बंगाल को ग्रुप ए में रखा गया है, जिसमें मौजूदा चैंपियन झारखंड, राजस्थान, बड़ौदा, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, कर्नाटक और मिजोरम की टीमें शामिल हैं। विजय हजारे ट्रॉफी के लिए बंगाल ग्रुप डी में है, जिसमें कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल, त्रिपुरा, ओडिशा, असम और पुडुचेरी की टीमें हैं।
बंगाल क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मनोज तिवारी कोचिंग करियर की शुरुआत कर रहे हैं। उन्हें बंगाल पुरुषों अंडर-19 टीम का कोच बनाया गया है। दत्तात्रेय मुखर्जी सहायक कोच होंगे। भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा बंगाल पुरुष अंडर-23 टीम के मुख्य कोच के तौर पर काम जारी रखेंगे। सबीर अली सहायक कोच होंगे।
ये भी पढ़ें: पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, सात्विक-चिराग, तनीषा-ध्रुव ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई
अनुस्तुप मजूमदार को बंगाल पुरुष अंडर-16 टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। उनके सहायक कोच के रूप में गौतम शोम (जूनियर) की नियुक्ति हुई है। मजूमदार ने बंगाल के लिए 103 प्रथम श्रेणी मैच खेले और 41.40 की औसत से 5,962 रन बनाए।
एजेंसी इनपुट के साथ
