

कपिल देव ने कोहली के टेस्ट संन्यास को उनके करियर की सबसे बड़ी भूल बताया।
कपिल के अनुसार, कोहली को जल्द संन्यास लेने का अफसोस 10 साल बाद होगा।
उनका मानना है कि कोहली फिटनेस के दम पर अभी लंबे समय तक टेस्ट खेल सकते थे।
Virat Kohli Test Retirement: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और 1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव ने पूर्व टीम इंडिया कप्तान विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले पर बड़ा बयान दिया है। कपिल देव ने कोहली के इस कदम को उनके शानदार करियर की सबसे बड़ी गलती करार दिया है।
हाल ही में मिड-डे को दिए एक खास इंटरव्यू में कपिल देव ने कहा कि विराट कोहली को टेस्ट क्रिकेट से इतनी जल्दी दूरी बनाने का पछतावा आज से 10 साल बाद होगा। कपिल का मानना है कि कोहली के अंदर अभी काफी क्रिकेट बाकी थी और वे अपनी फिटनेस के दम पर लंबे समय तक खेल सकते थे।
दरअसल, कपिल देव ने इंटरव्यू के दौरान कोहली की फिटनेस की जमकर तारीफ की और इसे उनकी सबसे बड़ी ताकत बताया। कपिल के मुताबिक, विराट कोहली शारीरिक क्षमता और फिटनेस के मामले में आज भी किसी 25 साल के युवा खिलाड़ी को कड़ी चुनौती दे सकते थे। ऐसे में उनका टेस्ट फॉर्मेट छोड़ना समझ से परे है।
गौरतलब है कि विराट कोहली ने पिछले साल 12 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। अपने 14 साल लंबे टेस्ट करियर में उन्होंने कई कीर्तिमान रचे, लेकिन वे एक बड़े मुकाम से चूक गए:
कोहली ने 123 टेस्ट मैचों में 46.85 की औसत से 9,230 रन बनाए।
इस दौरान उनके बल्ले से 30 शतक और 31 अर्धशतक निकले।
वे टेस्ट क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने से महज 770 रन दूर रह गए।
भारत के लिए टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में वे सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और सुनील गावस्कर के बाद चौथे स्थान पर हैं।
संन्यास से पहले के दो सालों में कोहली का बल्ला टेस्ट क्रिकेट में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पा रहा था। जुलाई 2023 के बाद उन्होंने नवंबर 2024 में पर्थ टेस्ट में नाबाद शतक जड़ा था। एक समय उनके करियर का औसत 55.10 तक पहुंच गया था, लेकिन संन्यास से पहले के 24 महीनों में यह गिरकर 32.56 रह गया था।
उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट 3 जनवरी 2025 को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के इस पांचवें टेस्ट में हार के साथ भारत ने सीरीज 3-1 से गंवा दी थी। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले कोहली और रोहित शर्मा दोनों ने कुछ ही दिनों के अंतराल में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
बल्लेबाजी के अलावा विराट कोहली का नाम भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तानों में भी दर्ज है। उन्होंने 68 टेस्ट मैचों में टीम इंडिया की कमान संभाली, जिसमें से भारत ने 40 मुकाबले जीते। उनकी ही कप्तानी में भारत ने 2018-19 में पहली बार ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टेस्ट सीरीज जीतकर इतिहास रचा था।
संन्यास का ऐलान करते समय कोहली ने भावुक नोट में लिखा था कि टेस्ट क्रिकेट ने उन्हें एक खिलाड़ी और इंसान के तौर पर गढ़ा है। उन्होंने कहा था कि इस फॉर्मेट से दूर जाना आसान नहीं है, लेकिन उन्हें महसूस हुआ कि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अपना सब कुछ दे दिया है।