

रजत पाटीदार ने एमपी के लिए मात्र 41 गेंदों में शतक जड़कर आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ रन बटोरे।
वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में एमपी की ओर से शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
उनसे पहले राज्य का कोई भी बैटर इस टूर्नामेंट में तिहरे अंक (100 रन) तक नहीं पहुंच पाया था।
Syed Mushtaq Ali Trophy 2026: सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी 2026 में मध्य प्रदेश के स्टार बल्लेबाज रजत पाटीदार ने असम के खिलाफ 48 गेंद में नाबाद 135 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। इस विस्फोटक पारी के साथ ही वह इस टूर्नामेंट में मध्य प्रदेश के लिए शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
इंदौर के इस धाकड़ बल्लेबाज ने मैदान पर उतरते ही असम के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। नंबर पांच पर बल्लेबाजी करने उतरे रजत पाटीदार ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने अपनी 48 गेंदों की पारी में कुल 13 गगनचुंबी छक्के और 8 शानदार चौके जड़े।
इसका मतलब यह है कि पाटीदार ने अपने 135 रनों में से 110 रन सिर्फ बाउंड्री की मदद से बटोरे। उनके इस रौद्र रूप के सामने विरोधी टीम के सभी गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
मध्य प्रदेश की पारी को संभालते हुए पाटीदार ने महज 41 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। शतक पूरा करने के बाद वह और भी ज्यादा खतरनाक हो गए और आखिरी ओवरों में तेजी से रन बटोरे। इस शतकीय पारी के साथ ही रजत पाटीदार ने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया है।
वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में मध्य प्रदेश टीम की ओर से शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले राज्य का कोई भी बल्लेबाज इस टूर्नामेंट में तिहरे अंक तक नहीं पहुंच सका था।
रजत पाटीदार अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहले से ही मशहूर हैं। आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की कप्तानी संभालने वाले पाटीदार पिछले कुछ सालों से लीग के सबसे खतरनाक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों में गिने जाते हैं।
स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों के खिलाफ बड़े शॉट खेलने की उनकी काबिलियत उन्हें खास बनाती है। घरेलू टी20 टूर्नामेंट में खेली गई यह 135 रनों की पारी उनके शानदार फॉर्म का सबूत है। क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों के बीच पाटीदार की इस रिकॉर्डतोड़ पारी की जमकर तारीफ हो रही है।