IPL 2026 में इस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे ऋषभ पंत? LSG के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने खोला पत्ता

Justin Langer: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत का बल्लेबाजी क्रम रहस्य बना हुआ है, कोच जस्टिन लैंगर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसे उजागर नहीं किया।
'हम मौकों को भुनाने में नाकाम रहे', जीटी के खिलाफ हार के बाद बोले कप्तान पंत
ऋषभ पंत (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Justin Langer On Rishabh Pant: आईपीएल 2026 का शानदार आगाज हो चुका है। इस सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) अपना पहला मुकाबला बुधवार को अपने घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ खेलेगी। इस मैच में एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत के प्रदर्शन पर क्रिकेट फैंस की नजरें रहेंगी।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मैच में ऋषभ पंत किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे, इसको लेकर भी कयासों का दौर जारी है। टीम के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंत के बल्लेबाजी क्रम को लेकर कोई खुलासा नहीं किया। ऐसे में कयासों का दौर लगातार जारी है।

ऋषभ पंत किस नंबर पर करेंगे बल्लेबाजी?

लैंगर ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मैं यहां बैठकर आपको यह नहीं बताने वाला कि ऋषभ पंत कल कहां बैटिंग करेंगे। मैं आपके पूछने की तारीफ करता हूं, लेकिन अगर आप सीधा जवाब चाहते हैं, तो मैं आपको यह नहीं बता रहा कि वह कल कहां बैटिंग करेंगे। इससे दिल्ली कैपिटल्स को पंत के खिलाफ रणनीति बनाने का मौका मिल जाएगा। आप भी सब की तरह इंतजार करें।" हेड कोच ने कहा, "ऋषभ पंत अपने श्रेष्ठ फॉर्म में हैं। वह मुस्कुरा रहे हैं, वह प्रतियोगी हैं, पंच मार रहे हैं और आक्रामक हैं। आप सबने पिछले साल आरसीबी के खिलाफ वह मैच देखा था, वह शानदार था। ऋषभ पंत किसी भी दूसरे भारतीय खिलाड़ी की तरह प्रतिस्पर्धा को समझते हैं। उन पर दबाव है लेकिन यह उनके लिए अच्छा है। वह मजबूती से उभरेंगे। उनके आस-पास उन्हें सपोर्ट करने और उनसे बेस्ट निकलवाने के लिए बेहतर लोग हैं।"

लखनऊ ने 27 करोड़ में पंत को किया था शामिल

ऋषभ पंत आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। आईपीएल 2025 की नीलामी में उन्हें एलएसजी ने 27 करोड़ में खरीदा था। पंत के लिए पिछला सीजन कप्तान और खिलाड़ी के रूप में निराशाजनक रहा था। एलएसजी प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल नहीं रही थी। वहीं पंत ने बल्ले से भी निराश किया था। एक शतकीय पारी को छोड़ दें तो पूरे सीजन पंत संघर्ष करते दिखे थे। पिछले सीजन ऋषभ पंत ने कुल 269 रन बनाए थे।

आईपीएल 2026 ऋषभ पंत के लिए एक खिलाड़ी और कप्तान के रूप में कड़ी परीक्षा वाला है। यह सीजन न सिर्फ आईपीएल करियर बल्कि उनके सीमित ओवरों के अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए भी अहम है। बता दें कि ऋषभ भारत की वनडे और टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com