रोहित-कोहली का मिश्रण है गिल, इंग्लैंड सीरीज से पहले इस दिग्गज खिलाड़ी ने की खुलकर तारीफ
इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जोस बटलर ने शुभमन गिल के कप्तानी की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि गिल की कप्तानी विराट कोहली और रोहित शर्मा का मिश्रण है।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
गिल, विराट और रोहित (फोटो-सोशल मीडिया)
लंदन: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट 20 जून से शुरू होने जा रही है। इस सीरीज का पहला मुकाबला हेडिंग्ले, लीड्स में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले भारत के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर का साथ मिला है। जोस बटलर ने गिल की तारीफ करते हुए कहा कि गिल कप्तान के रूप में रोहित शर्मा और विराट कोहली का मिश्रण है।
इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के पूर्व कप्तान बटलर इस साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गिल की कप्तानी में खेले थे। उन्होंने कहा कि इस 25 वर्षीय खिलाड़ी को कप्तानी की भूमिका और अपनी बल्लेबाजी के बीच संतुलन बनाना होगा। इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में गिल पर अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी।
ब्रॉड के साथ पॉडकास्ट पर बटलर ने की गिल की तारीफ
बटलर ने इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के साथ अपने पॉडकास्ट ‘फॉर द लव ऑफ क्रिकेट’ पर कहा कि वह वास्तव में प्रभावशाली खिलाड़ी है। जब वह बोलते हैं तो काफी शांत और संतुलित रहते हैं। मुझे लगता है कि मैदान पर खुद के लिए चुनौती पेश करते हैं। उनमें काफी जुनून होता है। मुझे लगता है कि कप्तान के रूप में वह कोहली और रोहित का मिश्रण होंगे।
सम्बंधित ख़बरें
जेडन लेनोक्स की घातक गेंदबाजी, न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सीरीज में 1-1 से की बराबरी
रोहित-कोहली फेल फिर भी टीम इंडिया पास! एजबेस्टन में पहली बार हारा इंग्लैंड, जानें जीत की बड़ी वजहें
टी20 में फ्लॉप, वनडे में हिट! प्रसिद्ध कृष्णा की धमाकेदार वापसी, 8 तस्वीरों में देखें मैच पलटने वाला स्पेल
IND vs ENG 1st ODI: एजबेस्टन में पहुंचे थे MS धोनी और साक्षी, मैच का उठाया लुत्फ; कृति सेनन ने भी बढ़ाया हौसला
गिल पूरी तरह से अलग नजर आएंगे
उन्होंने कहा कि कोहली वास्तव में बहुत आक्रामक थे। उन्होंने भारतीय टीम को पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने उसे मुकाबले के लिए तैयार किया। रोहित थोड़े अलग थे। थोड़े शांत और संयमित, लेकिन उनमें गजब का जुझारूपन था। गिल ने इन दोनों से काफी कुछ सीखा है लेकिन वह मैदान पर पूरी तरह से अलग नजर आएंगे।
बटलर ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में भारत की कप्तानी करना देश में ‘तीसरे या चौथे सबसे प्रभावशाली व्यक्ति’ होने जैसा है। गिल ने बल्लेबाजी और कप्तानी को अलग-अलग करने की बात की। इसलिए जब वह बल्लेबाजी करते हैं तो वह सिर्फ बल्लेबाज बने रहना चाहते हैं। इसके बाद वह अपने कप्तानी कौशल पर काम करेंगे और दोनों भूमिकाओं को अलग-अलग तरह से निभाने का प्रयास करेंगे।
भारतीय टेस्ट कप्तान तीसरा या चौथा सबसे प्रभावशाली व्यक्ति है
बटलर ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि हम इन लोगों के स्टारडम के स्तर को समझ सकते हैं। आप इसे आईपीएल में देखते हैं। वे इस स्टारडम में जीते हैं। मुझे लगता है कि भारतीय टेस्ट कप्तान भारत में प्रधानमंत्री के बाद तीसरा या चौथा सबसे प्रभावशाली व्यक्ति है। इसलिए यह बहुत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। (भाषा इनपुट के साथ)
