जिम्बाब्बे का T20 WC में बड़ा कारनामा, बिना खेले सुपर-8 में बनाई जगह, 17 साल बाद ऑस्ट्रेलिया ऐसे हुआ बाहर

IRE vs ZIM Match Washed Out: आयरलैंड के खिलाफ मैच रद्द होने के बाद जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में जगह पक्की कर ली। इस नतीजे के साथ टीम ने अगले दौर का टिकट हासिल किया।
जिम्बाब्बे का T20 WC में बड़ा कारनामा, बिना खेले सुपर-8 में बनाई जगह, 17 साल बाद ऑस्ट्रेलिया ऐसे हुआ बाहर
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Zimbabwe Super 8 T20 World Cup 2026: सिकंदर रजा की कप्तानी में जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इतिहास रच दिया है। टीम ने पहली बार सुपर-8 राउंड के लिए क्वालीफाई किया है। पल्लेकेले में आयरलैंड के खिलाफ ग्रुप बी का मुकाबला बारिश के कारण रद्द होने के बाद जिम्बाब्वे को अगले चरण का टिकट मिला। मंगलवार को होने वाले इस मैच में बारिश इतनी ज्यादा रही कि टॉस भी नहीं हो सका। मुकाबला रद्द होने पर दोनों टीमों को एक-एक अंक बांट दिए गए। इस अतिरिक्त अंक के साथ जिम्बाब्वे के तीन मैचों में कुल पांच अंक हो गए और उसने सुपर-8 में जगह पक्की कर ली।

ग्रुप बी से जिम्बाब्वे दूसरी टीम है, जिसने अगले दौर में प्रवेश किया है। सह-मेजबान श्रीलंका पहले ही तीन मैचों में छह अंक लेकर सुपर-8 में पहुंच चुका है। वहीं आयरलैंड चार मैचों में दो अंकों के साथ बाहर हो गया। ऑस्ट्रेलिया की टीम भी तीन मैचों में सिर्फ दो अंक जुटा सकी और उसकी उम्मीदें भी खत्म हो गईं।

ऑस्ट्रेलिया 17 साल बाद ग्रुप स्टेज से बाहर

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया के साथ 17 साल बाद ऐसा हुआ है जब टीम टूर्नामेंट के ग्रुप चरण से ही बाहर हो गई। साल 2021 की चैंपियन रही कंगारू टीम की उम्मीदें आयरलैंड की जीत पर टिकी थीं, लेकिन मैच रद्द होने से उसका समीकरण बिगड़ गया और आगे बढ़ने का रास्ता बंद हो गया। ऑस्ट्रेलिया को अपने पिछले दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंका ने उसे आठ विकेट से हराया, जबकि जिम्बाब्वे ने 23 रन से मात देकर बड़ा उलटफेर किया। टीम को टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ एक जीत आयरलैंड के खिलाफ मिली है। ऑस्ट्रेलिया को अपना आखिरी ग्रुप मैच 20 फरवरी को ओमान के खिलाफ खेलना है, लेकिन वह सिर्फ औपचारिकता भर रह गया है। चोटों ने भी टीम की मुश्किलें बढ़ाईं। तेज गेंदबाज पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे प्रमुख खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में नहीं खेल सके, जिससे गेंदबाजी आक्रमण कमजोर नजर आया।

शानदार फॉर्म में जिम्बाब्वे

दूसरी ओर जिम्बाब्वे की टीम ने टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उसके तेज गेंदबाज रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस ने कोलंबो में खेले गए पहले मैच में तीन-तीन विकेट लेकर ओमान को सिर्फ 103 रन पर समेट दिया था। इसके बाद ब्रायन बेनेट की नाबाद 48 रन की पारी की बदौलत टीम ने 13.3 ओवर में आठ विकेट से आसान जीत दर्ज की।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी जिम्बाब्वे का प्रदर्शन दमदार रहा। टीम ने दो विकेट पर 169 रन बनाए और फिर कंगारू बल्लेबाजों को 146 रन पर रोक दिया। इस मैच में भी बेनेट ने नाबाद 64 रन की शानदार पारी खेली, जबकि मुजरबानी और इवांस ने क्रमशः चार और तीन विकेट लेकर जीत में अहम योगदान दिया।

श्रीलंका से होगी अगली टक्कर

जिम्बाब्वे अब अपना आखिरी ग्रुप मैच 19 फरवरी को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा। टीम का आत्मविश्वास इस समय ऊंचा है और वह इसी लय को बरकरार रखते हुए सुपर-8 चरण में मजबूत शुरुआत करना चाहेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com