नीदरलैंड के खिलाफ बदलाव की तैयारी में टीम इंडिया, वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग XI में मिलेगा मौका?

Washington Sundar: भारत और नीदरलैंड के बीच टी20 विश्व कप का मुकाबला बुधवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। साइड स्ट्रेन से उबरने के बाद वॉशिंगटन सुंदर की प्लेइंग इलेवन में वापसी हो सकती है।
नीदरलैंड के खिलाफ बदलाव की तैयारी में टीम इंडिया, वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग XI में मिलेगा मौका?
मोहम्मद सिराज, रिंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

India vs Netherlands: भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 चरण के लिए क्वालीफाई कर लिया है। टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में लगातार अपने तीनों मुकाबले जीतकर अंक तालिका में मजबूत स्थिति बनाई। पिछले रविवार को खेले गए हाईवोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी। अब भारत का अगला मुकाबला नीदरलैंड के खिलाफ बुधवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। नीदरलैंड की टीम टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है, ऐसे में इस मैच का महत्व दोनों टीमों के लिए अलग-अलग कारणों से खास रहेगा।

टीम में बदलाव की संभावना

भारत सुपर-8 में जगह पक्की कर चुका है, इसलिए टीम प्रबंधन इस मुकाबले में कुछ खिलाड़ियों को आराम दे सकता है। लगातार मैच खेलने के कारण प्रमुख खिलाड़ियों का वर्कलोड भी ध्यान में रखा जा रहा है। ऐसे में बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को मौका मिलने की संभावना बढ़ गई है। इसी क्रम में स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की वापसी पर भी नजरें टिकी हैं, जो अभी तक इस टूर्नामेंट में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए हैं।

चोट के कारण बाहर रहे थे वॉशिंगटन सुंदर

वॉशिंगटन सुंदर वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के दौरान साइड स्ट्रेन का शिकार हो गए थे। इस चोट के कारण वह लंबे समय तक मैदान से दूर रहे और टूर्नामेंट शुरू होने तक पूरी तरह फिट नहीं हो सके। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले संकेत दिए थे कि सुंदर नामीबिया के खिलाफ मुकाबले के लिए चयन के उपलब्ध रहेंगे, लेकिन उस मैच में भी उन्हें मौका नहीं मिल सका। इसके अलावा उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में भी हिस्सा नहीं लिया था, जिससे उनकी मैच फिटनेस पर सवाल बने रहे।

मौजूदा टीम संयोजन को देखते हुए वॉशिंगटन सुंदर स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल के बैक-अप के तौर पर टीम में शामिल हैं। अक्षर पटेल ने अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर दो विकेट लिए थे और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती के रहते तीसरे स्पिनर की जरूरत कम ही पड़ती है, यही वजह है कि फिट होने के बावजूद वॉशिंगटन को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिल पाई।

सुंदर को मिल सकता है मौका

हालांकि अब जब भारत सुपर-8 में पहुंच चुका है, तो टीम प्रबंधन संयोजन में प्रयोग कर सकता है। संभावना है कि हार्दिक पांड्या या शिवम दुबे में से किसी एक को आराम दिया जाए और वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिले। नीदरलैंड के खिलाफ होने वाला मुकाबला भारत के लिए जहां तैयारी को मजबूत करने का अवसर होगा, वहीं कुछ खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का भी बड़ा मंच साबित हो सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि टीम प्रबंधन अंतिम एकादश में किस तरह के बदलाव करता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com