

LSG vs DC Player Swap: भारतीय बल्लेबाज और विकेटकीपर ऋषभ पंत अब दोबारा लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए नहीं खेल पाएंगे। IPL ट्रे़ड में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हुए समझौते के बाद अब लखनऊ सुपर जायंट्स की जर्सी में मैदान में नहीं उतर पाएंगे। दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने खिलाड़ियों में अदला-बदली की है।
इस अदला-बदली के तहत ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हुई है। तो वहीं कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हुए हैं। इस हाई-प्रोफाइल ट्रेड के बाद ऋषभ पंत का इमोशनल रिएक्शन सामने आया है। ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है। उन्होंने LSG की जर्सी में अपनी तस्वीर शेयर करते हुए सिर्फ तीन शब्दों में टीम को अलविदा कह दिया।
ऋषभ पंत को LSG फ्रेंचाइजी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनके योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद कहा था। इस पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए पंत ने थैंक यू टीम लिखकर अलविदा कह दिया। ऋषभ पंत का यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पोस्ट को देखकर उनके फैंस भी भावुक हो गए है।
गौरतलब है कि IPL 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले, लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को ₹27 करोड़ की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदा था, जो उस समय IPL ऑक्शन के इतिहास में किसी खिलाड़ी पर खर्च की गई सबसे बड़ी रकम थी। हालांकि, टीम ने सिर्फ दो सीजन के बाद ही पंत से नाता तोड़ लिया।
दिल्ली कैपिटल्स के साथ हुई एक ट्रेड डील के तहत, पंत अब ₹15 करोड़ की फीस पर उस फ्रैंचाइजी में वापस लौट रहे हैं, जबकि कुलदीप यादव ₹13.50 करोड़ की अपनी मौजूदा फीस पर लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हो गए हैं।
स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत दिल्ली कैपिटल्स के साथ की थी। वह 2016 से 2024 तक टीम में लगातार मौजूद रहे, उन्होंने नौ सीजन में 111 मैच खेले। पंत के नाम दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा आईपीएल खेलने का रिकॉर्ड है।
उन्होंने 2021 और 2024 के बीच चार सीज़न में 43 मैचों में टीम की कप्तानी भी की। इसलिए, उनकी वापसी को दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या फ्रैंचाइजी लीडरशिप में बदलाव करती है या अक्षर पटेल पर अपना भरोसा बनाए रखती है।