

IPL 2026 Playoff Schedule News In Hindi: बीसीसीआई ने 6 मई को आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों के आधिकारिक कार्यक्रम का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस घोषणा की सबसे बड़ी खबर यह है कि टूर्नामेंट का फाइनल अब बेंगलुरु में नहीं बल्कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, शुरुआत में फाइनल मैच की मेजबानी बेंगलुरु को सौंपी गई थी। हालांकि, स्थानीय क्रिकेट संघ और पदाधिकारियों की कुछ ऐसी मांगें थीं जो बीसीसीआई के तय नियमों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर पाई गईं। इसके अलावा, बीसीसीआई ने ये भी बताया कि ऑपरेशनल और लॉजिस्टिकल से जुड़ी कुछ दिक्कतों की वजह से फाइनल मैच को बेंगलुरु से हटाकर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शिफ्ट किया गया है। बोर्ड ने ये भी कहा कि आईपीएल 2026 के अब तक के सभी मैच बहुत रोमांचक रहे हैं। इसलिए, वे चाहते हैं कि इस सीजन का अंत दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में एक बेहद शानदार और भव्य तरीके से हो।
IPL 2026 के समापन के लिए बीसीसीआई ने तीन स्थानों का चयन किया है। प्लेऑफ का सफर 26 मई को धर्मशाला के सुरम्य हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम से शुरू होगा, जहां क्वालिफायर-1 खेला जाएगा।
इसके बाद, टूर्नामेंट का कारवां न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की ओर बढ़ेगा, जहां 27 मई को एलिमिनेटर और 29 मई को क्वालिफायर-2 के महत्वपूर्ण मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। यह पहली बार है जब न्यू चंडीगढ़ जैसे नए केंद्रों को प्लेऑफ जैसे हाई-वोल्टेज मैचों की जिम्मेदारी दी गई है।
लीग चरण के 70 रोमांचक मैचों के बाद अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें इस खिताबी जंग में हिस्सा लेंगी। बीसीसीआई द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार तारीखें इस प्रकार हैं:
क्वालिफायर 1: 26 मई 2026, धर्मशाला - इसमें शीर्ष दो टीमें भिड़ेंगी और जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी।
एलिमिनेटर: 27 मई 2026, न्यू चंडीगढ़ - इसमें तीसरे और चौथे स्थान की टीमों के बीच 'करो या मरो' का मुकाबला होगा।
क्वालिफायर 2: 29 मई 2026, न्यू चंडीगढ़ - यहां एलिमिनेटर की विजेता का सामना क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम से होगा।
फाइनल: 31 मई 2026, अहमदाबाद - क्वालिफायर-1 और क्वालिफायर-2 की विजेता टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।
जैसे-जैसे प्लेऑफ करीब आ रहे हैं टीमों के बीच टीमों के बीच मुकाबला बहुत कड़ा हो गया है। दिल्ली के लिए आगे का रास्ता मुश्किल है। उनके कोच हेमांग बदानी का कहना है कि टीम के लिए अब हर मैच फाइनल की तरह है यानी एक भी हार उन्हें बाहर कर सकती है। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स और अन्य टीमें अंक तालिका में शीर्ष पर बने रहने के लिए पूरा जान लगा रही हैं।