IPL 2026: वानखेड़े में आज MI और LSG की भिड़ंत, हारने वाली टीम होगी प्ले-ऑफ से बाहर; देखें किसका पलड़ा भारी

IPL 2026 के 47वें मैच में सोमवार को मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला होगा। आज हारने वाली टीम का प्लेऑफ का सफर समाप्त हो जाएगा।
mumbai indians vs lucknow super giants
मंबई इंडियंस vs लखनऊ सुपर जायंट्स, (डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

IPL 2026 MI vs LSG Match: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 47वें रोमांचक मुकाबले में सोमवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (MI) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीमें आमने-सामने होंगी। शाम साढ़े 7 बजे से शुरू होने वाला यह मैच दोनों ही टीमों के लिए इस सीजन का सबसे महत्वपूर्ण मुकाबला है। इस मैच में हार और जीत से यह फैसला हो जाएगा कि आईपीएल 2026 में दोनों टीमों में से कौन आगे बढ़ेगा और किसे बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। आज हारने वाली टीम का इस सीजन का सफर लगभग समाप्त हो जाएगा।

हेड-टू-हेड आंकड़ों में लखनऊ का पलड़ा भारी

अंक तालिका (प्वाइंट्स टेबल) पर नजर डालें तो दोनों ही टीमें फिलहाल सबसे निचले पायदान पर संघर्ष कर रही हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स अंक तालिका में 10वें स्थान पर है, जबकि मुंबई इंडियंस की टीम 9वें स्थान पर काबिज है। हालांकि, मुंबई इंडियंस के खिलाफ लखनऊ का पलड़ा हमेशा से काफी भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 8 आईपीएल मैच खेले गए हैं, जिनमें से 6 मैचों में लखनऊ सुपर जायंट्स ने जीत दर्ज की है, जबकि मुंबई इंडियंस को केवल 2 मैचों में ही जीत हासिल हुई है।

ऋषभ पंत की कप्तानी पर सवाल

ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को मुख्य रूप से अपने बल्लेबाजों के बार-बार मिल रहे खराब फॉर्म के कारण संघर्ष करना पड़ा है। हालांकि, उनके गेंदबाजों ने हर मैच में सराहनीय प्रयास किए हैं। पिछले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार ने टीम का मनोबल प्रभावित किया है। उस मैच में मोहसिन खान की शानदार गेंदबाजी के बावजूद निकोलस पूरन से जुड़ा एक विवादास्पद सुपर ओवर का निर्णय टीम पर भारी पड़ा था।

हार्दिक पांड्या भी कप्तानी में फेल

दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस का अभियान इस सीजन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पांड्या जैसे प्रमुख खिलाड़ियों के लगातार बदलते प्रदर्शन ने टीम की मुश्किलें बढ़ाई हैं। इसके साथ ही हार्दिक पांड्या की कप्तानी भी सवालों के घेरे में है। हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी ने टीम की बल्लेबाजी को काफी कमजोर किया है, जिससे अब टीम के पास गलतियों की कोई गुंजाइश नहीं बची है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG): मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), जोश इंगलिस, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, प्रिंस यादव और मणिमरण सिद्धार्थ/जॉर्ज लिंडे।

मुंबई इंडियंस (MI): विल जैक्स, रयान रिकलटन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, हार्दिक पांड्या (कप्तान), रॉबिन मिंज, कॉर्बिन बॉश, अल्लाह गजनफर, जसप्रीत बुमराह, अश्विनी कुमार और इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में रघु शर्मा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com