

Indian Women's Cricket Team: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में इतिहास रच दिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से मात देकर पहली बार इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट पर 298 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 45.3 ओवरों में 246 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारत महिला वनडे क्रिकेट की नई विश्व चैंपियन बन गया।
भारत ने खिताब जीतकर न सिर्फ इतिहास रचा बल्कि रिकॉर्ड इनाम राशि भी जीती। आईसीसी की ओर से महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 की विजेता टीम को 41.77 करोड़ रुपये का इनाम दिया गया। वहीं साउथ अफ्रीका की उपविजेता टीम को 21.88 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई। यह अब तक की सबसे बड़ी प्राइज मनी है, जो महिला क्रिकेट में बढ़ते सम्मान और लोकप्रियता का संकेत देती है।
फाइनल मैच में युवा ओपनर शैफाली वर्मा टीम इंडिया की जीत की अहम कड़ी साबित हुईं। उन्होंने शुरुआत में आक्रामक अंदाज दिखाते हुए 78 गेंदों में 87 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे। बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी उन्होंने कमाल दिखाया और 7 ओवरों में 36 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनकी ऑलराउंड परफॉर्मेंस ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ने में अहम भूमिका निभाई।
टीम इंडिया की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एक बार फिर साबित किया कि वह भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक हैं। फाइनल मुकाबले में उन्होंने पहले बल्ले से 58 गेंदों में 58 रन बनाए और बाद में गेंदबाजी में 9.3 ओवरों में 39 रन देकर 5 विकेट चटकाए। दीप्ति के इस ऑलराउंड खेल ने भारत की जीत की नींव मजबूत की।
दीप्ति शर्मा ने इस मैच में एक अनोखा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वह महिला वनडे वर्ल्ड कप इतिहास की पहली ऐसी खिलाड़ी बनीं, जिन्होंने किसी एक मैच में अर्धशतक लगाने के साथ-साथ 5 विकेट भी हासिल किए। यह कारनामा आज तक कोई भी खिलाड़ी नहीं कर सकी थी। इस वर्ल्ड कप में उन्होंने कुल 22 विकेट लिए और 200 से अधिक रन बनाए, जो उनके ऑलराउंड कौशल की झलक पेश करता है।
भारत की इस ऐतिहासिक जीत ने महिला क्रिकेट के नए अध्याय की शुरुआत कर दी है। यह खिताब आने वाली पीढ़ी की महिला क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। हरमनप्रीत की कप्तानी, टीम का संतुलन और खिलाड़ियों का आत्मविश्वास इस ऐतिहासिक सफलता की सबसे बड़ी कुंजी रहा।