IND vs SA: टीम इंडिया की साउथ अफ्रीका में अग्निपरीक्षा, 17 अप्रैल से 5 टी20 मैच, जानें हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

IND W vs SA W: भारत और साउथ अफ्रीका महिला टीम के बीच 17 अप्रैल से 5 मैचों की टी20 सीरीज अफ्रीका में खेली जाएगी। इस फॉर्मेट में अब तक टीम इंडिया का पलड़ा साउथ अफ्रीका पर भारी रहा है।
IND W vs SA W Live Streaming
भारत बनाम साउथ अफ्रीका (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

IND W vs SA W 5 T20 Match Series: भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए साल 2025 बेहद ऐतिहासिक साबित हुआ, जब टीम ने वनडे वर्ल्ड कप जीतकर पहली आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका महिला टीम को हराकर भारत ने नया इतिहास रचा। अब टीम इंडिया की नजरें साल 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप पर हैं, जिसके लिए तैयारियों का अहम चरण 17 अप्रैल से शुरू होने वाले साउथ अफ्रीका दौरे से जुड़ा है। इस दौरे पर भारत को मेजबान टीम के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है, जिसमें खिलाड़ियों के फॉर्म और संयोजन की कड़ी परीक्षा होगी।

सीरीज में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

इस टी20 सीरीज में भारतीय टीम की कई स्टार खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खास नजरें रहने वाली हैं। टीम की अनुभवी बल्लेबाज स्मृति मंधाना से मजबूत शुरुआत की उम्मीद होगी, वहीं युवा ओपनर शैफाली वर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी भी टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकती है। इसके अलावा गेंदबाजी यूनिट की भी परीक्षा होगी, क्योंकि विदेशी परिस्थितियों में प्रदर्शन करना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहता है।

टी20 इंटरनेशनल में भारत का पलड़ा भारी

भारतीय महिला टीम का टी20 इंटरनेशनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 19 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 10 मैच जीतकर बढ़त बनाई है। वहीं साउथ अफ्रीका महिला टीम सिर्फ 6 मुकाबले ही जीत सकी है, जबकि 3 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। यह आंकड़े साफ तौर पर दिखाते हैं कि इस फॉर्मेट में टीम इंडिया का दबदबा रहा है।

अफ्रीकी जमीन पर भी दमदार प्रदर्शन

अगर साउथ अफ्रीका की धरती पर भारत के प्रदर्शन की बात करें तो वहां भी टीम का रिकॉर्ड संतुलित और मजबूत रहा है। भारतीय महिला टीम ने मेजबान टीम के खिलाफ उनके घर में 8 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 4 में जीत हासिल की है, जबकि 2 में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं 2 मैच बिना नतीजे के खत्म हुए हैं।

पिछली बार जब भारतीय टीम ने साल 2023 में साउथ अफ्रीका का दौरा किया था, तब तीन मैचों की टी20 सीरीज 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुई थी। ऐसे में इस बार टीम इंडिया के पास न सिर्फ सीरीज जीतने का मौका है, बल्कि अपने रिकॉर्ड को और मजबूत करने का भी सुनहरा अवसर है।

Navbharat Live
navbharatlive.com