T20 World Cup Final: भारत ने बनाया फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर, न्यूजीलैंड को चैंपियन बनने के लिए 256 रन की जरूरत
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। न्यूजीलैंड को खिताब जीतने के लिए 256 रन बनाने होंगे।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
अभिषेक शर्मा और लॉकी फर्ग्यूसन (फोटो-सोशल मीडिया)
India vs New Zealand, Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया है। यह टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर भी है। वहीं अब न्यूजीलैंड को खिताब जीतने के लिए 256 रन बनाने होंगे।
रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी इस खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इसके जवाब में टीम इंडिया ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। भारत को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 7.1 ओवरों में 98 रन की साझेदारी की। अभिषेक 21 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी
यहां से संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 105 रन जुटाकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। संजू ने लगातार तीसरी पारी में अर्धशतक लगाया। खिताबी मैच में उन्होंने 46 गेंदों में 8 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 89 रन बनाए। टीम इंडिया को 16वें ओवर की पहली गेंद पर सैमसन के रूप में दूसरा झटका लगा। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर ईशान (54) और अंतिम गेंद पर कप्तान सूर्यकुमार यादव (0) भी पवेलियन लौट गए। ईशान ने 25 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 54 रन बनाए।
सम्बंधित ख़बरें
सूर्यवंशी-अभिषेक फ्लॉप…ईशान-तिलक वर्मा ने संभाली कमान, भारत ने जिम्बाब्वे को दिया 220 रन का टारगेट
ZIM vs IND 2nd T20I: हरारे की बल्लेबाजी पिच पर फिर बरसेंगे रन? जानिए पिच रिपोर्ट, मौसम और संभावित प्लेइंग टीम
एशियन गेम्स 2026 का क्रिकेट शेड्यूल जारी, भारत सीधे क्वार्टर फाइनल में; पाकिस्तान से कब होगी टक्कर?
ZIM vs IND: वैभव सूर्यवंशी का तूफानी अर्धशतक, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने दर्ज की पहली जीत
यह भी पढ़ें: T20 World Cup में भारतीय टीम ने रचा इतिहास, पावरप्ले में ऐसा कारनामा करने वाली दुनिया की पहली टीम बनी
टीम इंडिया 204 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो चुकी थी। यहां से तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने हार्दिक पंड्या (18) के साथ 22 रन और शिवम दुबे (नाबाद 26) के साथ 29 रन की अटूट साझेदारी करते हुए भारत को 255 रन तक पहुंचाया, जो टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट का सबसे बड़ा स्कोर भी है।
नीशम ने 3 विकेट चटकाए
मेहमान टीम की तरफ से जेम्स नीशम ने 4 ओवरों में 46 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि रचिन रवींद्र और मैट हैनरी ने 1-1 विकेट निकाला। टीम इंडिया इस मैच में बगैर किसी बदलाव के उतरी है, जबकि कीवी टीम में कोल मैककोन्ची के स्थान पर जैकब डफी को शामिल किया गया।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी।
