IND vs ZIM T20 Series: श्रेयस अय्यर के सामने हार का सिलसिला खत्म करने का मौका, सूर्यवंशी पर टिकी सबकी निगाहें

IND vs ZIM T20: भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज 23 जुलाई से शुरू होगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी, वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी और हरारे की चुनौती पर सभी की नजरें रहेंगी।
India vs Zimbabwe T20 Series
श्रेयस अय्यर, वीवीएस लक्ष्मण, वैभव सूर्यवंशी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

India vs Zimbabwe T20 Series: जिम्बाब्वे दौरे पर भारत की युवा टीम हरारे स्पोर्ट्स क्लब में 3 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेगी। सीरीज का पहला मैच 23 जुलाई को आयोजित होगा, जिसके बाद 25 और 26 जुलाई को दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर दोनों टी20 सीरीज गंवाने के बाद श्रेयस अय्यर पर अपनी कप्तानी में भारत को पहली जीत दिलाने को लेकर भारी दबाव होगा।

कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 0-2 से गंवाई। इसके बाद इंग्लैंड के विरुद्ध 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज में भारत को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा। अय्यर ने सभी सात मैच में टॉस जीतकर महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी की, लेकिन एक भी मुकाबला अपने पक्ष में नहीं कर सके। श्रेयस इस दौरे को एक कम अनुभवी टीम के साथ आत्मविश्वास वापस पाने और लय बनाने के मौके के तौर पर देखेंगे।

लक्ष्मण संभालेंगे कोच की भूमिका

इस सीरीज में नियमित कोच गौतम गंभीर की गैर-मौजूदगी में वीवीएस लक्ष्मण कोच की भूमिका में नजर आ आएगे। युवा भारतीय टीम लक्ष्मण के अनुभव का फायदा उठाते हुए सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। टीम के संतुलन और चयन को लेकर उनके नजरिए पर सभी की निगाहें रहेंगी।

वैभव सूर्यवंशी पर टिकी सबकी निगाहें

लक्ष्मण के अलावा इस सीरीज में 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी पर सबकी निगाहें होंगी। उम्मीद है कि वह सीरीज में अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करते नजर आएंगे। हरारे स्पोर्ट्स क्लब दोनों बल्लेबाजों के लिए अच्छा मैदान रहा है। अभिषेक ने इसी मैदान पर अपने पहले टी20 शतक के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई थी, जबकि सूर्यवंशी ने इस साल की शुरुआत में अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान यहां 175 रनों की एक शानदार पारी खेली थी।

वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज के तीन मुकाबलों में मौका दिया गया था। सीनियर टीम के लिए अपनी पहली सीरीज में वैभव ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया। वह तीन पारियों में 14, 13 और 15 रन ही बना सके। अब उनके पास जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने हाथ खोलने का मौका होगा।

भारतीय बल्लेबाजी की होगा परिक्षा

हालांकि, हालात भारत की बल्लेबाजी की परीक्षा ले सकते हैं। हरारे की पिच आमतौर पर तेज गति और उछाल के लिए जानी जाती है, जिससे जिम्बाब्वे के अनुभवी तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगारवा मुकाबले में मजबूती से बने रहेंगे। अगर भारत को बल्लेबाजी में लड़खड़ाने से बचना है, तो नई गेंद के खिलाफ ज्यादा अनुशासन दिखाना होगा।

तिलक वर्मा पर अच्छे प्रदर्शन का दवाब

इस बीच मिडिल ऑर्डर में भी चयन को लेकर उलझनें हैं। उप-कप्तान तिलक वर्मा अभी तक नंबर 5 पर जम नहीं पाए हैं, जबकि ईशान किशन अभी पसंदीदा नंबर 3 की जगह पर खेल रहे हैं। रिंकू सिंह एक मजबूत फिनिशर बने हुए हैं, जिससे बल्लेबाजी का कॉम्बिनेशन चर्चा का दिलचस्प विषय बन गया है। भारत को ऑलराउंडर की भूमिका के लिए हर्ष दुबे, शिवम दुबे और सूर्यांश शेडगे में से भी किसी एक को चुनना होगा। वहीं, तेज गेंदबाजी आक्रमण में प्रिंस यादव और मयंक यादव के शामिल होने की उम्मीद है।

जिम्बाब्वे के खिपाफ भारत का पलड़ा भारी

भारत और जिम्बाब्वे के बीच साल 2010 से अब तक कुल 14 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है। भारत ने 11 मैच अपने नाम किए, जबकि जिम्बाब्वे 3 मैच जीत चुका है। हालांकि, जिम्बाब्वे घरेलू हालात का फायदा उठाने को लेकर आश्वस्त होगा, इसलिए भारत इस सीरीज को हल्के में नहीं ले सकता।

भारत की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।

जिम्बाब्वे की टीम: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, तनाका चिवांगा, बेन कुरेन, ब्रैड इवांस, वेस्ले मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामुरी, मिल्टन शुंबा, तफदजवा त्सिगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com