SKY का यार, अब बनेगा 'दुश्मन'! 6 मैच तक साथ निभाया, अब विरोधी टीम की जर्सी में सूर्यकुमार यादव को देगा चुनौती

India vs USA: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला मैच यूएसए के खिलाफ खेलेगी। खास बात यह है कि अमेरिकी टीम में कई भारतीय मूल के खिलाड़ी शामिल हैं।
SKY का यार, अब बनेगा 'दुश्मन'! 6 मैच तक साथ निभाया, अब विरोधी टीम की जर्सी में सूर्यकुमार यादव को देगा चुनौती
हरमीत सिंह और सूर्यकुमार यादव (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

IND vs USA, T20 World Cup 2026: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम आज टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत करने जा रही है। सूर्या पिछले कुछ समय से टीम इंडिया की कमान संभाल रहे हैं, लेकिन किसी आईसीसी टूर्नामेंट में यह उनका पहला अवसर है जब वह कप्तान के रूप में मैदान पर उतरेंगे। भारत का पहला मैच यूएसए के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले की खास बात यह है कि सूर्यकुमार यादव के एक पुराने साथी आज विरोधी टीम की ओर से खेलते हुए नजर आ सकते हैं।

यूएसए की टीम पर नजर डालें तो उसमें कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जिनकी जड़ें दूसरे देशों से जुड़ी हैं। मौजूदा स्क्वॉड में केवल कुछ ही खिलाड़ी ऐसे हैं जिनका जन्म अमेरिका में हुआ है, जबकि बाकी खिलाड़ी अलग-अलग देशों से आकर वहां बसे और अब उसी देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। टीम की कप्तानी मोनांक पटेल संभाल रहे हैं, जिनका जन्म भारत के गुजरात में हुआ था। भारत के खिलाफ मैच से पहले मोनांक पटेल ने कहा कि जब खिलाड़ी यूएसए के लिए मैदान पर उतरते हैं तो यह मायने नहीं रखता कि उनका जन्म किस देश में हुआ है। टीम में कई अन्य खिलाड़ी भी हैं जिनका संबंध भारत से रहा है।

हरमीत सिंह का भारत से रहा है गहरा नाता

यूएसए टीम के ऑलराउंडर हरमीत सिंह भी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनका जन्म भारत में हुआ। 7 सितंबर 1992 को मुंबई में जन्मे हरमीत सिंह बाएं हाथ के बल्लेबाज और स्पिन गेंदबाज हैं। अमेरिका के लिए खेलने से पहले वह भारत बी, भारत अंडर-19 और मुंबई की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा वह शेष भारत की ओर से भी खेल चुके हैं, जिससे उनके घरेलू क्रिकेट अनुभव का अंदाजा लगाया जा सकता है।

सूर्या और हरमीत रह चुके हैं एक ही टीम के साथी

दिलचस्प बात यह है कि सूर्यकुमार यादव और हरमीत सिंह पहले एक ही टीम के लिए साथ खेल चुके हैं। साल 2015 में दोनों खिलाड़ियों ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में छह मुकाबले एक साथ खेले थे। इसके बाद दोनों बहुत कम मौकों पर एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में उतरे हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में हरमीत सिंह यूएसए की ओर से भारत के खिलाफ खेले थे, जहां उन्होंने 10 गेंद में 10 रन बनाए थे और अर्शदीप सिंह ने उन्हें आउट किया था।

अब एक बार फिर दोनों खिलाड़ी आमने-सामने होंगे और इस बार मुकाबला मुंबई में हो रहा है, जो हरमीत सिंह का जन्मस्थान भी है। अगर उन्हें गेंदबाजी का मौका मिलता है और उस समय सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी कर रहे होते हैं, तो यह मुकाबला और भी रोचक हो सकता है। फैंस की नजरें इस बात पर भी रहेंगी कि हरमीत सिंह अपने पुराने शहर में कैसा प्रदर्शन करते हैं और भारत के खिलाफ इस मैच में क्या प्रभाव छोड़ पाते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com