विशाखापट्टनम में रोहित शर्मा की आवाज, DRS लेने पर कुलदीप को टोका, बोले- आउट नहीं है वो, देखें VIDEO

Rohit Sharma: तीसरे वनडे में एक मजेदार पल तब आया जब कुलदीप यादव के 43वें ओवर में लुंगी एनगिडी के पैड पर गेंद लगी। कुलदीप ने जोरदार अपील की, लेकिन अंपायर ने तुरंत नकार दिया, जिससे दर्शक हंस पड़े।
विकेट के पीछे से रोहित शर्मा की आवाज, DRS लेने पर कुलदीप को टोका, बोले- आउट नहीं है वो, देखें VIDEO
रोहित शर्मा (फोटो- @StarSportsIndia)
Published on: 
Updated on: 

Rohit Sharma on Kuldeep Yadav DRS: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला विशाखापट्टनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और यह फैसला पूरी तरह सही साबित हुआ। भारतीय गेंदबाजों ने अफ्रीकी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का ज्यादा मौका नहीं दिया और मेहमान टीम को 47.5 ओवर में 270 रन पर रोक दिया। भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी फिरकी से अफ्रीकी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया।

कुलदीप यादव की फिरकी का जादू

टीम इंडिया की गेंदबाजी की सबसे बड़ी मजबूती रहे कुलदीप यादव अपनी लय में दिखाई दिए। उन्होंने अपने 10 ओवर में 41 रन देकर 4 विकेट निकाले। विकेट लेने के साथ-साथ उन्होंने रन भी काफी किफायती दिए, जिससे साउथ अफ्रीकी पारी कहीं न कहीं दबाव में रही। कुलदीप का हर ओवर बल्लेबाजों के लिए चुनौती बनकर सामने आया और उन्होंने भारत को मैच में मजबूत स्थिति दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

DRS पर रोहित का मजाकिया अंदाज, मैदान पर छाया उनका ह्यूमर

मुकाबले के दौरान एक मजेदार घटना भी देखने को मिली, जिसने दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया। यह वाकया दक्षिण अफ्रीका की पारी के 43वें ओवर में हुआ, जिसे कुलदीप यादव फेंक रहे थे। ओवर की पांचवीं गेंद पर लुंगी एनगिडी के पैड पर गेंद लगी। कुलदीप ने जोरदार अपील की, जिसे अंपायर ने तुरंत खारिज कर दिया।

इसके बाद कुलदीप ने कप्तान केएल राहुल की ओर देखते हुए DRS लेने का संकेत किया। तभी स्लिप में खड़े पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने तुरंत इशारा करके उन्हें DRS न लेने की सलाह दी और हाथ के इशारे से गेंदबाजी करने लौटने को कहा। रोहित का यह मजाकिया अंदाज देखकर मैदान में मौजूद सभी खिलाड़ी हंस पड़े और यह पल कैमरे में कैद होते ही वायरल होने लगा।

कुलदीप ने कहा- मैं DRS लेने में हमेशा कमजोर रहा हूं

साउथ अफ्रीकी पारी खत्म होने के बाद कुलदीप यादव ने ब्रॉडकास्टर से बातचीत में रोहित शर्मा के रिएक्शन पर खुलकर बात की। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि “मैं उन लोगों में से हूं जो DRS लेने में काफी खराब हैं। रोहित अक्सर इसी बात को लेकर मेरी टांग खींचते रहते हैं। गेंद पैड पर लगती है तो मुझे लगता है कि वह आउट है।”

कुलदीप यादव ने आगे कहा कि जब फील्ड पर रोहित जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हों और पीछे विकेट केएल राहुल जैसा विकेटकीपर हो, जो DRS लेने में बेहद सटीक हैं, तो गलत फैसले का मौका कम रहता है। उन्होंने कहा कि टीम में ऐसे शांत दिमाग वाले खिलाड़ी होना जरूरी है, जो सही समय पर सही फैसला ले सकें।

Navbharat Live
navbharatlive.com